भाई दूज पर बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार, पांच दिन तक भक्ति और उत्सव से सराबोर रहा मंदिर

आगरा के जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में पांच दिवसीय दीपोत्सव का भाई दूज पर विशेष श्रृंगार और महाआरती के साथ समापन हुआ। लाल, गुलाबी और सिंदूरी फूलों से सजे बाबा श्याम के दर्शनों के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पांच दिनों तक मंदिर में आकर्षक विद्युत सजावट और आतिशबाजी की गई। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की मांग पर दोपहर की प्रसादी सेवा भी शुरू की है।

Nov 11, 2026 - 17:26
 0
भाई दूज पर बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार, पांच दिन तक भक्ति और उत्सव से सराबोर रहा मंदिर

आगरा। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में दीपावली के पावन पर्व पर आयोजित पांच दिवसीय दीपोत्सव का बुधवार को भाई दूज के अवसर पर विशेष श्रृंगार एवं महाआरती के साथ भक्तिमय समापन हुआ। पांच दिनों तक चले इस पंचोत्सव में प्रतिदिन बाबा श्याम के आकर्षक श्रृंगार, भव्य विद्युत सजावट और आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। भाई दूज पर आगरा नरेश श्याम बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लाल, गुलाबी और सिंदूरी पुष्पों के मध्य सजे बाबा श्याम ने भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए।

इस अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि भाई दूज के विशेष अवसर पर बाबा की श्रृंगार, इत्र, राजभोग एवं संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई, जबकि पोशाक सेवा नवीन गोयल द्वारा समर्पित की गई। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की विशेष मांग को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा दोपहर की प्रसादी सेवा भी प्रारंभ कर दी गई है। जो भी भक्त इस सेवा में अपना योगदान एवं सहयोग देना चाहते हैं, वे मंदिर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान प्रतिदिन मंदिर में भव्य आतिशबाजी एवं आकर्षक विद्युत सजावट की गई। उत्सव के अंतिम दिन विशेष महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विशेष व्यवस्थाओं का दायित्व सचिव संजय अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल, कन्हैया लाल अग्रवाल आदि ने संभाला।