दयालबाग में गुरु महाराज और रानी साहिबा की 68वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर उमड़ी श्रद्धा, भाई दूज भी उल्लास के साथ मना
दयालबाग (आगरा)। दयालबाग में गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं रानी साहिबा की 68वीं वैवाहिक वर्षगांठ अत्यंत श्रद्धा, आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर के साथ-साथ भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व भी पूरे दयालबाग क्षेत्र में उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

खेतों पर कृषि कार्य करतीं रानी साहिबा।
दिन का शुभारंभ एग्रोइकोलॉजी-कम-प्रेसिजन फार्मिंग के तहत एहतमाली में आयोजित सरसों की निराई एवं गुड़ाई की विशेष कृषि सेवा के साथ हुआ। प्रातःकालीन सेवा के दौरान गुरु महाराज और रानी साहिबा की उपस्थिति रही। उनकी पावन छत्रछाया में बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कृषि कार्य में भाग लिया।
वैवाहिक वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 'संत सुपरह्यूमन योजना' के बच्चों ने एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। बच्चों ने मधुर बधाई गीत और भावपूर्ण प्रस्तुतियां पेश कीं, जिसने वहां मौजूद संपूर्ण सत्संग समाज को आनंदित कर दिया।

प्रातःकाल की शिफ्ट में कल्चरल प्रोग्राम की मनमोहक प्रस्तुति देते संत सुपरह्यूमन योजना के बच्चे।
सायंकाल आयोजित द्वितीय शिफ्ट में भी एहतमाली में सरसों की निराई-गुड़ाई की कृषि सेवा जारी रही। इस दौरान भी गुरु महाराज और रानी साहिबा की उपस्थिति में बच्चों ने पुनः बधाई गीत प्रस्तुत कर अपने भाव एवं अपार श्रद्धा प्रकट की।
इस शुभ अवसर पर भाई दूज का पर्व भी आत्मीयता से मनाया गया। प्रातःकालीन सत्र में बहन राजकुमारी ने गुरु महाराज एवं रानी साहिबा जी सत्संग समाज की ओर से बधाई संदेश पढ़ा। इन दोनों मुख्य आयोजनों से संपूर्ण दयालबाग परिसर में दिनभर भक्ति, सेवा और आनंद का माहौल बना रहा।