हर जीव को समान शरण का संदेश देगा समवशरण विधान, आगरा में 14 नवंबर को पिच्छिका परिवर्तन, छीपीटोला के निर्मल सेवा सदन में 16 नवंबर तक हर रोज धार्मिक अनुष्ठान, दिग्विजय यात्रा और संस्कार कार्यक्रम

आगरा। प्राणी मात्र के कल्याण, समानता और राग-द्वेष से मुक्त जीवन के संदेश के साथ छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन में श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान एवं पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव का आयोजन चल रहा है। 10 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन में नित्य अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और प्रवचनों के साथ चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा, दांपत्य एवं बाल संस्कार तथा धार्मिक नाटिकाओं के कार्यक्रम रखे गए हैं। मुख्य आकर्षण 14 नवंबर को दोपहर एक बजे से होने वाला भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह होगा।

Nov 11, 2026 - 22:17
 0
हर जीव को समान शरण का संदेश देगा समवशरण विधान, आगरा में 14 नवंबर को पिच्छिका परिवर्तन, छीपीटोला के निर्मल सेवा सदन में 16 नवंबर तक हर रोज धार्मिक अनुष्ठान, दिग्विजय यात्रा और संस्कार कार्यक्रम
छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन में चल रहे समवशरण विधान के आमंत्रण पत्र का जैन मुनियों की मौजूदगी में विमोचन करते आयोजकगण।

निर्मल सेवा सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन की जानकारी दी गई। महोत्सव ‘गूगल बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध श्रमण मुनिश्री समत्व सागर महाराज, शील सागर महाराज और सुप्रभात सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित हो रहा है।

प्रेसवार्ता में मुनिश्री समत्व सागर महाराज ने कहा कि समवशरण किसी एक संप्रदाय का स्थान नहीं, बल्कि सभी जीवों को समान शरण और कल्याण का संदेश देने वाली धर्मसभा है। जिनेन्द्र भगवान की देशना केवल जैन समाज के लिए नहीं, समस्त प्राणियों के हित के लिए होती है। उन्होंने कहा कि जिन धर्म को संप्रदाय और जाति की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता, क्योंकि यह प्रत्येक वस्तु के स्वभाव, उसकी वास्तविक स्थिति और प्राणी मात्र के कल्याण की बात करता है।

मुनि श्री ने कहा कि 24 तीर्थंकरों ने जैन संस्कृति को पुष्ट किया। उन्होंने भगवान ऋषभदेव की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि वैदिक और पौराणिक साहित्य सहित अन्य दर्शनों में भी उन्हें सम्मान दिया गया है। धार्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऋषभदेव को प्रथम सम्राट बताया और कहा कि उनके पुत्र भरत चक्रवर्ती छह खंडों के अधिपति थे तथा उन्हीं के नाम से देश का नाम भारत पड़ा।

उन्होंने बताया कि जैन मान्यता के अनुसार भगवान ऋषभदेव को तपस्या के बाद केवलज्ञान की प्राप्ति हुई और समवशरण में उन्होंने धर्मोपदेश दिया। भोगभूमि काल की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय धर्म की व्यवस्थाएं अलग थीं। समवशरण वह स्थल है, जहां जिनेन्द्र भगवान की वाणी से सभी जीवों को कल्याण का मार्ग मिलता है।

मुनिश्री के अनुसार, छीपीटोला में भगवान ऋषभदेव के समवशरण की प्रतिकृति तीन समवशरणों के रूप में प्रस्तुत की गई है। उन्होंने कहा कि समवशरण की अवधारणा में केवल मनुष्य ही नहीं, देव और पशु-पक्षी भी सम्मिलित हैं।

समवशरण की धार्मिक संरचना का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें सौधर्म इंद्र सहित देव, सूर्य-चंद्र विमानों के इंद्र, भरत चक्रवर्ती, मुनि, आर्यिका, ऋषि तथा श्रावक-श्राविकाएं भगवान की वंदना करते हैं। पशु-पक्षियों के लिए भी इसमें स्थान होता है। यही व्यापकता समवशरण को सभी जीवों के लिए समान शरण का प्रतीक बनाती है।

अयोध्या से जुड़ी धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए मुनिश्री ने कहा कि भगवान ऋषभदेव और भरत चक्रवर्ती का जन्म तथा उनका साम्राज्य अयोध्या से जुड़ा माना जाता है।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह छह बजे मंगलाष्टक, 6:15 बजे अभिषेक, 6:30 बजे शांतिधारा और सात बजे से पूजन के बाद प्रवचन का क्रम निर्धारित है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का समय रात 8:30 बजे रखा गया है, जबकि कुछ तिथियों की विशेष नाटिकाएं रात आठ बजे से निर्धारित हैं।

प्रेसवार्ता में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मुकेश जैन, रमेश जैन, आनंद जैन, मुकेश जैन (लले), चक्रेश जैन, राजीव जैन, विवेक जैन, आशु जैन (वी.के.), रोहित जैन, आशीष जैन (बाबा) और मीडिया प्रभारी राहुल जैन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor