छिबरामऊ का युवा अधिवक्ता हत्याकांडः पीड़ित परिवार से मिले कन्नौज के डीएम और एसपी, शस्त्र लाइसेंस और आर्थिक सहायता का भरोसा
-संजीव शुक्ला- छिबरामऊ। कन्नौज जिले के छिबरामऊ में दीपावली के दिन हुई युवा अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या के मामले में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आवास पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और ढाढस बंधाया।
पश्चिमी बाईपास, मोहल्ला ककरैया, सुभाष नगर निवासी अनुज चतुर्वेदी की कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनुज चतुर्वेदी भाजपा विधायक अर्चना पांडेय के रिश्तेदार थे। पुलिस प्रशासन ने शुरुआत से ही इस हत्याकांड को गंभीरता से लिया। वारदात के 48 घंटे के अंदर मुख्य आरोप अमोल दीक्षित और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने भरोसा दिलाया कि वारदात में नामजद तीसरे अभियुक्त अमोल दीक्षित के पिता को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा के लिए पीड़ित परिवार को शस्त्र लाइसेंस और मृतक की पत्नी को सरकार की योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का भी भरोसा दिया।
इस मुलाकात के दौरान छिबरामऊ की विधायक अर्चना पांडेय, एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी, सीओ मयंक मिश्रा, तहसीलदार अभिनव वर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।