बरेली के महापौर उमेश गौतम को फिर जान से मारने की धमकी,  निजी सहयोगी की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पहले भी इंटरनेशनल कॉल से मिल चुकी है धमकी

-आरके सिंह- बरेली। बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। महापौर के निजी सहयोगी प्रद्युम्न वात्स्यायन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दोनों ने फोन पर महापौर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इससे पहले भी महापौर को इंटरनेशनल कॉल के जरिए धमकी मिलने की बात सामने आ चुकी है

Nov 13, 2026 - 21:50
 0
बरेली के महापौर उमेश गौतम को फिर जान से मारने की धमकी,  निजी सहयोगी की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पहले भी इंटरनेशनल कॉल से मिल चुकी है धमकी
मेयर उमेश गौतम।

क्षेत्राधिकारी प्रथम शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि बरेली कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गांधीपुरम, इज्जतनगर निवासी प्रद्युम्न वात्स्यायन महापौर डॉ. उमेश गौतम के निजी सहयोगी हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 नवंबर को उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों में एक ने अपना नाम मोहित उपाध्याय और दूसरे ने संजीव अग्रवाल बताया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान दोनों व्यक्तियों ने महापौर को लेकर अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया। बातचीत में महापौर को नुकसान पहुंचाने और उन्हें निपटाने जैसी बातें कही गईं। आरोप है कि बातचीत के दौरान पीछे से आ रही आवाज में भी महापौर को खत्म करने की बात सुनाई दी।

प्रद्युम्न वात्स्यायन ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि महापौर डॉ. उमेश गौतम की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ असामाजिक तत्व नाराज हो सकते हैं और उनके खिलाफ किसी साजिश की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जिन फोन नंबरों से कॉल आए और जिन पर बातचीत हुई, उनका विवरण उनके पास उपलब्ध है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही महापौर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को रात 11 बजे प्राथमिकी संख्या 0564/2026 दर्ज की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस फोन कॉल और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। प्राथमिकी में नामजदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें इंटरनेशनल कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने की बात सामने आ चुकी है। अब एक बार फिर धमकी का मामला सामने आने से कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर महापौर को बार-बार निशाना बनाने की कोशिश क्यों हो रही है? क्या इन घटनाओं के पीछे किसी की निजी रंजिश है या कोई सुनियोजित साजिश? इन पहलुओं की निष्पक्ष जांच के साथ ही धमकियों की गंभीरता को देखते हुए महापौर की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

SP_Singh AURGURU Editor