श्रीलंकाई महिला का भारतीय पासपोर्ट बनवाने का खेल उजागर, पीलीभीत में दंपति समेत तीन गिरफ्तार
-आरके सिंह- पीलीभीत। श्रीलंका की मूल निवासी महिला का भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पासपोर्ट सत्यापन के दौरान गड़बड़ी उजागर होने पर पूरनपुर पुलिस ने महिला, उसके पति और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने मीडिया को बताया कि 11 नवंबर को थाना क्षेत्र के शेरपुर कलां निवासी मोहम्मद इमरान की पत्नी जैनब बेगम के पासपोर्ट की जांच की गई थी। जांच के दौरान पासपोर्ट बनवाने में कथित अनियमितता और गलत दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आया। इसके बाद 12 नवंबर को थाना पूरनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 463/26 दर्ज किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2), आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 23(1) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने मामले में वांछित मोहम्मद इमरान पुत्र रियाज अहमद, उसकी पत्नी सुरैनी श्री वन्तिका उर्फ जैनब बेगम और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां पुत्र बुंदन खां को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद इमरान और उसकी पत्नी जैनब बेगम मोहल्ला नवदिया, वार्ड नंबर पांच, शेरपुर कलां थाना पूरनपुर के निवासी हैं। जांच में जैनब बेगम का स्थायी पता श्रीलंका का दर्ज पाया गया। वहीं, तीसरा आरोपी नजीब खां वार्ड नंबर पांच, मोहल्ला जामा मस्जिद, शेरपुर कलां का निवासी है।
पुलिस अब इस मामले में दस्तावेजों की पासपोर्ट बनवाने में आरोपियों की भूमिका और कथित धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।