26 साल से हर महीने 18 तारीख को सेवा का संकल्प, 9,490 दिन पूरे होने पर नौवामील पर 18 नवंबर को लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर

आगरा। जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की 26 वर्षों पुरानी जनसेवा परंपरा के तहत चौधरी मनजीत सिंह स्मृति जनसेवा समिति की ओर से 18 नवंबर 2026 को विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। नौवामील, मलपुरा, जगनेर–तांतपुर रोड पर लगने वाले इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे और निःशुल्क दवाएं वितरित की जाएंगी। समिति की यह सेवा यात्रा 9,490 दिन पूरे होने के विशेष अवसर पर पहुंच रही है।

Nov 13, 2026 - 08:31
 0
26 साल से हर महीने 18 तारीख को सेवा का संकल्प, 9,490 दिन पूरे होने पर नौवामील पर 18 नवंबर को लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर

पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि समिति पिछले 26 वर्षों से प्रत्येक माह की 18 तारीख को लगातार निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करती आ रही है। इस बार भी आगरा के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में आधुनिक चिकित्सा मशीनों के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी। कान, गला, नेत्र, बाल रोग, हड्डी, चर्म रोग और महिला रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण करेंगे।

उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समिति की ओर से बस द्वारा एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजने की व्यवस्था की जाएगी। वहां उपचार के दौरान समिति के जिम्मेदार कार्यकर्ता प्रतिदिन मरीजों की देखभाल करेंगे, ताकि जरूरतमंदों को इलाज के साथ आवश्यक सहयोग भी मिल सके।

शिविर का आयोजन समिति की 26 वर्षों की अनवरत जनसेवा यात्रा के 9,490 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर चिकित्सा सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और समिति के सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

समिति का संकल्प पिछले 26 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा, पीड़ित मानवता की सहायता और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा है। आयोजकों ने लोगों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए संदेश साझा करने की अपील की है, जिससे गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर मरीज इस निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकें।

SP_Singh AURGURU Editor