डॉ. मानिक चंद जाटव की 129वीं जयंती पर बंगाली बाबू सोनी को मिला ‘जाटववीर’ सम्मान, समाज के स्वाभिमान और पहचान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान
आगरा। वरिष्ठ समाजसेवी बंगाली बाबू सोनी को जाटव समाज उत्थान समिति की ओर से ‘जाटववीर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बाबू जगजीवन राम पार्क में पूर्व रायबहादुर दादा साहेब डॉ. मानिक चंद जाटव की 129वीं जयंती पर आयोजित समारोह में पूर्व मंत्री एवं समाज रत्न गंगा प्रसाद पुष्कर ने उन्हें पगड़ी और शाल पहनाकर तथा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में डॉ. मानिक चंद के सामाजिक योगदान, दलित चेतना और जाटव समाज को नई पहचान दिलाने में उनकी भूमिका को याद किया गया।
गंगा प्रसाद पुष्कर ने कहा कि डॉ. मानिक चंद ने अपमानित करने वाले जातिगत संबोधन के स्थान पर ‘जाटव’ नाम देकर समाज को सम्मान और गौरव की पहचान दिलाई। आज भी सामाजिक सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में आगरा का जाटव समाज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देशभर के दलित समाज के लोग इससे प्रेरणा लेते हैं और आगरा को दलितों की राजधानी के रूप में भी देखते हैं।
समिति के संरक्षक देवकीनंदन सोन ने कहा कि यह विडंबना है कि वर्ष 1952 में पहली लोकसभा के लिए राजस्थान की भरतपुर संसदीय सीट से निर्वाचित होने वाले डॉ. मानिक चंद के नाम पर आज तक किसी प्रमुख मार्ग का नामकरण नहीं किया गया है। उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए यह स्थिति चिंताजनक है। समाज के इस महान व्यक्तित्व को उचित सम्मान और पहचान मिलनी चाहिए।
समारोह में बंगाली बाबू सोनी को ‘जाटववीर’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन विनोद आनंद ने किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री देवेंद्र कुमार चिल्लू, महेंद्र सिंह, इं. मानिकचंद, सेवती प्रसाद निम, बच्चू सिंह कैथ, सत्य प्रकाश, अमर सिंह, चौधरी मानसिंह, सूरजभान भाटिया, प्रमोद कुमार, दरबारी लाल जयंन्त, रूप सिंह सोनी और परमजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने डॉ. मानिक चंद को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।