बरेली के नामी ज्वेलर्स समेत छह शोरूम पर बांट-माप विभाग की कार्रवाई, मिठाई से लेकर गैस और किराना तक में मिली गड़बड़ी, सोना-चांदी की तौल का सत्यापन तक नहीं मिला, छह ज्वेलर्स का चालान, जुर्माना भी लगेगा

-आरके सिंह- बरेली। दीपावली के त्योहारी सीजन में ग्राहकों को कथित रूप से चूना लगाने का खेल बड़े प्रतिष्ठानों तक फैला मिला। मिठाई, गैस, किराना और सर्राफा बाजारों में बांट-माप विभाग की जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। सबसे चौंकाने वाला मामला बरेली के सिविल लाइंस स्थित नामचीन रंगीलाल गिरीश कुमार ज्वेलर्स का है, जहां सोना-चांदी और आभूषणों की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का नियमित सत्यापन नहीं कराया गया था। विभाग ने इस शोरूम समेत छह ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों का चालान किया है। मंडल के करीब 70 प्रतिष्ठानों में घटतौली, बांटों के मुद्रांकन और तौल उपकरणों के सत्यापन से जुड़ी गड़बड़ियां पाई गईं।

Nov 13, 2026 - 22:14
 0
बरेली के नामी ज्वेलर्स समेत छह शोरूम पर बांट-माप विभाग की कार्रवाई, मिठाई से लेकर गैस और किराना तक में मिली गड़बड़ी, सोना-चांदी की तौल का सत्यापन तक नहीं मिला, छह ज्वेलर्स का चालान, जुर्माना भी लगेगा

सहायक नियंत्रक बांट-माप, बरेली मंडल मनोज कुमार ने बताया कि दीपावली से पहले मंडल स्तर पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। इसमें मिठाई विक्रेताओं, ज्वेलर्स, गैस एजेंसियों और किराना प्रतिष्ठानों को प्रमुखता से जांच के दायरे में रखा गया। करीब 70 प्रतिष्ठानों पर घटतौली, बाटों के मुद्रांकन और सत्यापन सहित विभिन्न अनियमितताएं मिलीं।

उन्होंने आश्चर्य जताया कि रंगीलाल गिरीश कुमार ज्वेलर्स जैसे नामचीन प्रतिष्ठान में भी तौल प्रणाली का नियमित सत्यापन नहीं कराया गया था। जांच में छह ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों में बांट-माप व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। मौके पर तौल उपकरणों का सत्यापन भी नहीं पाया गया।

छह ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

विभागीय जांच में बरेली के सिविल लाइंस स्थित रंगीलाल गिरीश कुमार ज्वेलर्स के अलावा देव ज्वैलर्स, बजरिया और आदर्श अलौकिक आभूषण, डोहरा रोड में भी अनियमितताएं मिलीं। बदायूं में वीरेश कुमार और रोहित कुमार ज्वेलर्स तथा पीलीभीत के शिव नगर बाजार में पारुल और एमडी ज्वेलर्स की जांच में भी बाट-माप व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आई। विभाग ने इन सभी छह प्रतिष्ठानों का चालान किया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और नियमानुसार आर्थिक जुर्माना भी लगाया जाएगा।

मिठाई की दुकानों पर भी घटतौली

जांच अभियान में मिठाई की दुकानों पर भी अनियमितताएं मिलीं। बरेली जिले में बाबू सिंह स्वीट, शाही, सतीश स्वीट्स, फतेहगंज पश्चिमी, शिव स्वीट्स, मीरगंज, शाहिद अली स्वीट्स, आंवला और राज स्वीट्स, बहेड़ी के अलावा जोगी नवादा स्थित बाबा वनखंडी नाथ स्वीट्स की जांच की गई। शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत में भी मिठाई विक्रेताओं के यहां जांच हुई। इन जिलों में करीब 20 मिष्ठान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर घटतौली और अन्य गड़बड़ियां पकड़ी गईं।

गैस एजेंसियों और किराना बाजार में भी गड़बड़ी

बाट-माप विभाग की जांच में नैनीताल मार्ग स्थित अनुपम गैस एजेंसी और चौपुला स्थित जागेश्वर धाम गैस एजेंसी में भी व्यवस्था सही नहीं मिली। किराना बाजार में आटा, मैदा, सूजी, वनस्पति तेल, घी और अन्य ग्रिट पैकिंग वाले उत्पादों की तौल और पैकेजिंग से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं।

त्योहारी सीजन में चलाए गए इस अभियान ने बाजारों में ग्राहकों को निर्धारित मात्रा और सही तौल में सामान देने के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि जांच में छोटे दुकानदारों के साथ बड़े और नामचीन शोरूम भी नियमों का पालन करते नहीं मिले। विभागीय कार्रवाई के बाद अब संबंधित प्रतिष्ठानों पर आर्थिक दंड की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor