करीना कपूर के समर्थन में उतरी हिंदू उत्सव समिति, धार्मिक विवाद पर अभिनेत्री और उनकी स्टाइलिस्ट की चुप्पी बरकरार

भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के दीपावली के आभूषण को लेकर उठे धार्मिक विवाद में अब हिंदू उत्सव समिति उनके समर्थन में सामने आई है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना का पक्ष लेते हुए कहा है कि उन्हें इस मामले में किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है। उनका तर्क है कि गले में पहने जाने वाले पेंडेंट को दिल के करीब रखा जाता है। उस पर कुरान की आयत अंकित है तो इसे धार्मिक आस्था के प्रतीक के रूप में भी देखा जा सकता है। दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Nov 13, 2026 - 09:00
 0
करीना कपूर के समर्थन में उतरी हिंदू उत्सव समिति, धार्मिक विवाद पर अभिनेत्री और उनकी स्टाइलिस्ट की चुप्पी बरकरार

समिति अध्यक्ष ने माफी की मांग को बताया अनुचित

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना का समर्थन करते हुए कहा कि पेंडेंट गले में और दिल के करीब पहना जाता है। उन्होंने कहा कि करीना को इसके लिए किसी से माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है। तिवारी ने यह भी कहा कि करीना भोपाल के पूर्व नवाबी परिवार की बहू हैं और परिवार की विरासत से जुड़े आभूषण पहनना उनका स्वाभाविक अधिकार है।

30 कैरेट के पन्ना पेंडेंट से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, दीपावली पर करीना कपूर ने डिजाइनर पुनीत बलाना का परिधान पहनकर अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इस दौरान उनके गले में 30 कैरेट का पन्ना जड़ा पेंडेंट भी दिखाई दिया, जिस पर इस्लाम में पवित्र मानी जाने वाली कुरान की आयत 'आयतुल कुर्सी' अंकित है। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इसे भोपाल के पूर्व शाही परिवार की करीब 200 साल पुरानी विरासत बताया था। यह आभूषण सैफ अली खान के परिवार के माध्यम से करीना तक पहुंचा है।

कांग्रेस नेता ने भेजा था कानूनी नोटिस

पेंडेंट की तस्वीरें सामने आने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने 11 नवंबर को करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा था। उन्होंने सोशल मीडिया से तस्वीरें और वीडियो हटाने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। हफीज की आपत्ति इस बात पर थी कि कुरान की पवित्र आयत को जिस परिधान और संदर्भ में प्रदर्शित किया गया, वह उसकी धार्मिक गरिमा के अनुरूप नहीं था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि नोटिस कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत हैसियत से भेजा गया है।

फिलहाल करीना और रिया कपूर की चुप्पी के बीच यह विवाद धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor