भक्ति के रंग में रंगेगा आगरा, श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां पूरी, नई लीलाएं बनेंगी आकर्षण

आगरा के ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 का गुरुवार को विधिवत शंखनाद हो गया। वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में स्मारिका ‘लीलांजलि’ और आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। 13 नवंबर को गणेश सवारी और 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकलेगी। 15 नवंबर से गौशाला परिसर में मंचीय लीलाओं का शुभारंभ होगा। इस बार भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीलाएं विशेष आकर्षण रहेंगी। 2027 में महोत्सव के अंतर्गत भव्य द्वारकापुरी सजाने की भी घोषणा की गई है।

Nov 12, 2026 - 19:40
 0
भक्ति के रंग में रंगेगा आगरा, श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां पूरी, नई लीलाएं बनेंगी आकर्षण
स्मारिका ‘लीलांजलि’ एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन करते श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के सदस्य।

‘लीलांजलि’ स्मारिका और आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन, गणेश सवारी से 13 नवंबर को होगा शुभारंभ, इस बार भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और राजा हरिश्चंद्र की लीलाएं रहेंगी खास आकर्षण

आगरा। भक्ति, आस्था और ब्रज संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरने वाले शताब्दी से अधिक पुराने ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 का गुरुवार को विधिवत शंखनाद हो गया। वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन के राधा हॉल में आयोजित समारोह में जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष के बीच महोत्सव की स्मारिका ‘लीलांजलि’ एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इसके साथ ही समिति ने शहरवासियों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के साक्षी बनने का आमंत्रण दिया। इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ कई नवीन लीलाओं का मंचन भी किया जाएगा। वहीं समिति ने वर्ष 2027 में महोत्सव के अंतर्गत द्वारकापुरी सजाने की नई पहल की घोषणा कर आगामी आयोजन की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। आगरा ब्रज का प्रवेश द्वार है और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से इसका गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है। मान्यता है कि बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए स्वयं भगवान शिव भी आगरा पधारे थे। आगरा और अग्रवन का संबंध ब्रज के बारह वनों की परंपरा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ब्रज की समृद्ध परंपरा, लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। गौशाला परिसर, वाटर वर्क्स में आयोजित होने वाली इन लीलाओं से प्रतिवर्ष शहरभर के कृष्ण भक्त जुड़ते हैं।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार 13 नवंबर को श्रीगणेश जी की सवारी के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। इस वर्ष दोनों सवारियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। दोनों सवारियां बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसेन मार्ग पर संपन्न होंगी। मार्ग परिवर्तन का उद्देश्य कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सवारियों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।

15 नवंबर से गौशाला परिसर में सजेगा मंचीय लीलाओं का मंच

समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम 6:30 बजे वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में मंचीय  लीलाओं का शुभारंभ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ होगा। इसके बाद प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित लीलाओं का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को नंदोत्सव एवं पूतना वध की लीला का मंचन होगा। 17 नवंबर को गोचारण, कालियादह लीला और माखन चोरी की लीलाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं और भक्तों के प्रति प्रेम का भावपूर्ण चित्रण किया जाएगा।

नई लीलाओं से मिलेगा धर्म और आदर्शों का संदेश

लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में कुछ विशेष और नवीन लीलाओं को भी सम्मिलित किया गया है। 18 नवंबर को भीष्म प्रतिज्ञा, 19 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र तथा 21 नवंबर को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीला का मंचन होगा। इन लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्याग, सत्य, धर्मनिष्ठा, भक्ति और संकल्प की प्रेरणा मिलेगी। 21 नवंबर को ही साइकिल फूलों की होली का आयोजन भी विशेष आकर्षण रहेगा। महोत्सव का समापन 25 नवंबर को हवन-पूजन एवं लीला स्वरूपों की विदाई के साथ होगा।

धर्म के साथ सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ब्रजेश अग्रवाल और अशोक कुमार गोयल ने बताया कि महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर और पौधारोपण जैसे सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण की भावना को आगे बढ़ाते हुए कदंब और माखन-कटोरा के पौधे भी लगाए जाएंगे। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में प्रकृति, वन और वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। इसी परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

2027 में साकार होगी द्वारकापुरी की भव्य परिकल्पना

समारोह में समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आगामी वर्ष 2027 के महोत्सव को लेकर एक विशेष घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में नई पहल करते हुए द्वारकापुरी सजाई जाएगी। इसके माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका नगरी की भव्यता, वैभव और सांस्कृतिक स्वरूप को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। यह पहल महोत्सव को एक नया आयाम प्रदान करेगी।

‘लीलांजलि’ में समाहित है महोत्सव की सांस्कृतिक विरासत

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष महोत्सव के अवसर पर स्मारिका ‘लीलांजलि’ का प्रकाशन किया जाता है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धार्मिक प्रसंगों, ब्रज संस्कृति और महोत्सव की परंपरा से जुड़ी सामग्री को स्थान दिया जाता है। स्मारिका के संपादक एवं लेखक वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्त हैं। स्मारिका का उद्देश्य महोत्सव की ऐतिहासिक यात्रा, धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण कर उसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

ये रहे उपस्थित

जनकपुरी महोत्सव समिति 2026 के अध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री मनोज जादौन एवं नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल सहित श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के महामंत्री विजय रोहतगी, लीला संयोजक शेखर गोयल, अशोक कुमार गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, वीरेंद्र गोयल, संजय गर्ग, गिर्राज बंसल, आशुतोष गर्ग, विष्णु अग्रवाल, राधे-राधे मनोज गोयल, विनीत सिंघल, मुकेश शर्मा, अनंत उपाध्याय, अनूप गोयल, धर्मेंद्र चौधरी, जवाहरलाल सिंघल, संजय अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा,  सतीश गौड़ आदि उपस्थित रहे।