राधे-राधे के भजनों पर थिरके कदम, डांडिया की धुन पर झूम उठा अग्रवन
आगरा के वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार की ओर से अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित पदाधिकारियों ने गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना और आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला सदस्यों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं धार्मिक क्विज में सदस्यों ने अपनी आध्यात्मिक जानकारी का परिचय दिया। महोत्सव के साथ ही 20 और 21 दिसंबर को गोवर्धन स्थित कार्ष्णि आश्रम में होने वाले दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियां भी शुरू हो गईं। आयोजन में 11 हजार किलो व्यंजनों का छप्पन भोग और वृहद भंडारा मुख्य आकर्षण रहेगा।
11 हजार किलो व्यंजनों से सजेगा गिरिराज महाराज का छप्पन भोग, अन्नकूट महोत्सव से तैयारियों का आगाज
आगरा। गिरिराज महाराज की भक्ति, भजनों की मधुर स्वर लहरियां और डांडिया की थिरकन... अग्रवन में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार आगरा की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां एक ओर महिला सदस्यों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर मनमोहक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं धार्मिक क्विज में सदस्यों ने अपनी धार्मिक और आध्यात्मिक जानकारी का परिचय दिया।
महोत्सव का शुभारंभ सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल, संस्था के चरण सेवक अजय गोयल, मनोज गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल एवं नीरज अग्रवाल ने श्री गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। इसके बाद समस्त श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर आगामी 56 भोग मनोरथ के सफल आयोजन की मंगलकामना की।
अन्नकूट महोत्सव में महिला सदस्यों ने डांडिया नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। 'राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी', 'अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो', 'मधुबन में जो कन्हैया किसी गोपी से मिले', 'मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया' और 'गोवर्धन गिरधारी, तेरी जय होवे' जैसे भजनों की धुन पर डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को ब्रजमय बना दिया। भक्ति गीतों के साथ थिरकते कदम और राधे-राधे के जयकारों ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए। इसके साथ ही संस्था के सभी चरण सेवकों के लिए धार्मिक क्विज का आयोजन किया गया। इसमें भगवान श्रीकृष्ण, श्रीमद्भागवत और गोवर्धन लीला से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विजयी सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अन्नकूट से शुरू हुई छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियां
संस्था के चरण सेवक अजय गोयल एवं पवन अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के साथ ही आगामी 20 एवं 21 दिसंबर को गोवर्धन स्थित कार्ष्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग में आयोजित होने वाले दो दिवसीय भव्य छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को श्री गिरिराज महाराज की सेवा और भक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ये होंगे आगामी आयोजन
23 नवंबर को गौशाला में गौ माता का छप्पन भोग, 7 दिसंबर को छप्पन भोग मनोरथ कार्यक्रम विवरण पत्रिका का विमोचन, 9 दिसंबर को राम बारात मार्ग पर शहरवासियों को छप्पन भोग मनोरथ से जोड़ने के लिए आमंत्रण यात्रा, 17 दिसंबर को मेहंदी महोत्सव, 18 दिसंबर को गोवर्धन में भट्टी पूजन, 20 दिसंबर को श्री गिरिराज जी महाराज की सप्तकोसीय दुग्धधार एवं पुष्प परिक्रमा तथा गोवर्धन में भजन संध्या एवं 21 दिसंबर को श्री गिरिराज जी महाराज का अलौकिक श्रृंगार, भव्य फूल बंगला, विभिन्न प्रकार के 11 हजार किलो व्यंजनों का छप्पन भोग एवं वृहद भंडारा होगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक नितिन अग्रवाल, रजनीश गुप्ता,नरेश अग्रवाल, सहित योगेश बंसल, गौरव बंसल, रमाशंकर गुप्ता,मनीष बंसल, अभिषेक सिंघल, प्रदीप अग्रवाल, विष्णु गोयल, मनीष अग्रवाल, करण गोयल, अंकुश मित्तल, निखिल अग्रवाल, प्रवीण गोयल, सुनील मित्तल, बृजमोहन रैपुरिया, शेखर अग्रवाल, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, निधि अग्रवाल, मनीषा गोयल, प्राची अग्रवाल, आरती बंसल आदि उपस्थित रहे।