श्याम भक्ति में देर रात तक झूमता रहा आगरा, भजनों की स्वर लहरियों से गूंजा एमडी जैन मैदान

आगरा के हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव के तहत भव्य श्याम संकीर्तन अखाड़े का आयोजन किया गया। बाबा श्याम के अलौकिक दरबार, देशभर से आए भजन गायकों की प्रस्तुतियों और इत्र-पुष्प वर्षा ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कोलकाता के सौरभ शर्मा और राज पारीक सहित वृंदावन, हरियाणा और अन्य स्थानों से आए कलाकारों ने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक श्याम प्रेमी भजनों पर झूमते रहे और जय श्री श्याम के जयकारे लगाते रहे।

Nov 13, 2026 - 09:33
 0
श्याम भक्ति में देर रात तक झूमता रहा आगरा, भजनों की स्वर लहरियों से गूंजा एमडी जैन मैदान
श्याम बाबा के भजनों पर झूमते भक्त।

श्री श्याम आस्था परिवार के 14वें वार्षिक उत्सव में सजा बाबा का अलौकिक दरबार, देशभर के भजन गायकों ने बांधा समां; इत्र-पुष्प वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने लगाई अरदास

आगरा। कहीं बाबा के चरणों में समर्पण की पुकार, कहीं अपने आराध्य से लाज बचाने की अरदास तो कहीं श्याम नाम की मस्ती में झूमते श्रद्धालु... गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव के अंतर्गत भव्य श्याम संकीर्तन अखाड़े का आयोजन किया गया। बाबा श्याम के अलौकिक दरबार, देशभर से आए भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों और इत्र-पुष्प वर्षा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्याम प्रेमी देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और जय श्री श्याम के जयकारों से परिसर गुंजायमान होता रहा। भव्य दरबार में विराजमान बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। 

श्री कीर्ति नाथ महाराज (कामाख्या मंदिर) के मार्गदर्शन में संकीर्तन का शुभारंभ होते ही भजन और संगीत की स्वर लहरियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। कभी हाथ उठाकर भक्तों ने अपने आराध्य को पुकारा तो कभी भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट किया।

भजन गायक सौरभ शर्मा (कोलकाता) ने अपने भावपूर्ण भजन की प्रस्तुति देते हुए बाबा के चरणों में भक्त की दीनता और पूर्ण समर्पण का भाव प्रकट किया। बची तकदीर का हिस्सा तरस जाएगा बन हीरा, तेरा ही आसरा है, तेरा ही आसरा है...भजन के बोलों में छिपी भक्त की पुकार और बाबा पर अटूट विश्वास ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। भक्तों ने तालियों और जयकारों के साथ भजन का रसास्वादन किया। हर किसी की जुबां पर बस एक ही भाव था कि बाबा श्याम ही जीवन का सच्चा सहारा हैं।

भजन गायक राज पारीक (कोलकाता) ने अपने प्रभावशाली भजन से संकीर्तन में भक्ति का अद्भुत रंग भर दिया। हंसता जमाना मुझपे, उंगलियां उठाता है, कहाँ गया बाबा तेरा, कह के चिढ़ाता है..., आजा रे कन्हैया आजा रे, आजा रे कन्हैया आजा रे...इस भजन में अपने आराध्य के प्रति भक्त की पुकार, विश्वास और प्रेम का भाव सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजन की लय और शब्दों के साथ पूरा पंडाल झूमता रहा। श्याम प्रेमियों ने हाथ उठाकर बाबा से अपनी अरदास लगाई।

इसी कड़ी में वृंदावन की श्रीजी सखी, परविंदर पालक हरियाणा, कुंज बिहारी दास वृंदावन, नरेश खत्री, अनूप गोयल, राजा सांवरिया, त्रिलोकी शर्मा, अतुल वार्ष्णेय, प्रखर लोहिया, अंकुश शर्मा, अंकित लवानिया एवं हर्ष जायसवाल ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान किया। संगीत व्यवस्था अंकित म्यूजिशियन द्वारा की गई। इत्र एवं पुष्प वर्षा के बीच सजे भव्य दरबार ने संकीर्तन की दिव्यता को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर भाजपा महानगर महिला मोर्चा उपाध्यक्ष वंदना सिंह, संस्थापक राहुल बंसल, संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल, अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, मंत्री विपिन मित्तल, मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल, नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे, रोहित अग्रवाल, रामगोपाल गर्ग आदि  उपस्थित रहे।