भक्ति के रंग में रंगा अन्नकूट महोत्सव, डांडिया की खनक पर झूमे तीन पीढ़ियों के लोग

आगरा के कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार की ओर से भव्य अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मेले का आयोजन किया गया। गोवर्धन पूजा, अन्नकूट प्रसादी, भजन संध्या, भक्ति बैंड और डांडिया रास ने आयोजन को यादगार बनाया। खास बात यह रही कि भजन जैमिंग के जरिए जेनजी, युवाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने एक साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का आनंद लिया। बच्चों के गेम्स, खानपान और खरीदारी के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

Nov 13, 2026 - 09:13
 0
भक्ति के रंग में रंगा अन्नकूट महोत्सव, डांडिया की खनक पर झूमे तीन पीढ़ियों के लोग
कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में श्री गिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव एवं दिवाली मेले में श्री गिरिराज जी का पूजन करते संस्थापक नितेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, विशाल बंसल, अतुल गोयल, नीरज मित्तल, नितिन अग्रवाल, दैविक अग्रवाल, विकल गर्ग आदि।

गिरिराज महाराज के जयकारों और भजन जैमिंग से गूंजा अग्रवाल सेवा सदन, अन्नकूट प्रसादी के साथ सजा दीपावली मेला, बच्चों के गेम्स, आकर्षक स्टॉल और भक्ति बैंड रहे खास आकर्षण

आगरा। गोवर्धन महाराज के जयकारों, भजनों की मधुर स्वर लहरियों और डांडिया की खनक के बीच श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार, आगरा द्वारा गुरुवार को कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन (महाराजा अग्रसेन मार्ग) में भव्य अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। धार्मिक आस्था, पारिवारिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं परिवारों ने सहभागिता कर गिरिराज महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से गोवर्धन पूजा एवं गिरिराज महाराज के पूजन के साथ हुआ। अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत भगवान को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवारों के कल्याण की कामना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।

संस्था के संस्थापक नितेश अग्रवाल एवं सह संस्थापक मयंक अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ परिवारों एवं समाज को भक्ति और सामाजिक एकता के सूत्र में जोड़ना है। आयोजन में तीन पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरोया गया। भजन जैमिंग के माध्यम से जेनजी, युवा और वरिष्ठ सदस्यों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। 
संस्था प्रतिवर्ष ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास करती है।

महोत्सव में आकर्षक डांडिया रास विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने डांडिया की धुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। युवाओं के लिए आयोजित विशेष भक्ति बैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या में श्रीकृष्ण एवं गिरिराज महाराज के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम संयोजक विशाल बंसल, अतुल गोयल, नीरज मित्तल, नितिन अग्रवाल, दैविक अग्रवाल एवं विकल गर्ग रहे।

आयोजन में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स एवं आकर्षक स्टॉल लगाए गए। दीपावली मेले में खानपान, मनोरंजन और खरीदारी के विविध आकर्षणों ने आयोजन को पारिवारिक उत्सव का रूप दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ महोत्सव का आनंद लिया। संस्था की ओर से सदस्यों के लिए विशेष उपहार की व्यवस्था भी की गई थी। शाम सात बजे तक कार्यक्रम में पहुंचने वाले सदस्यों को विशेष उपहार भेंट किए गए। दीपावली की शुभकामनाओं के साथ सभी का आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर अजय सिंघल, अंकुर अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, विजय अग्रवाल (शाहगंज), नरेंद्र गर्ग, मयंक जैन, संतोष अग्रवाल, हरिओम सिंघल, चंद्रमोहन बंसल, प्रवीण अग्रवाल, नीरज मित्तल, गिरीश अग्रवाल, विकास जैन, अभिषेक बंसल, दीपक अग्रवाल (कागज), विकास वर्मा, सुमित सिंघल, आशीष बंसल, शिवशंकर माहेश्वरी, अमित अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, आशी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, शिवानी अग्रवाल, मीनाक्षी, नंदनी पाराशर, रेनू बंसल, साक्षी जैन आदि उपस्थित रहे।