आगरा पुलिस में मठाधीश और विवादित दरोगाओं से छीनी चौकियां, नए चेहरों पर डीसीपी सिटी का भरोसा
आगरा कमिश्नरेट के नगर जोन में डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने कई महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों को बदल दिया है। सराय ख्वाजा, बोदला, आगरा फोर्ट, ताजगंज, रुनकता और शहीद नगर समेत कई चौकियों पर नए दरोगाओं को जिम्मेदारी मिली है। फेरबदल में विवादों में रहे और लंबे समय से महत्वपूर्ण चौकियों पर तैनात कई पुराने चेहरों को हटाया गया है। वहीं, जूनियर दरोगाओं को कमान दिए जाने पर वरिष्ठता को लेकर पुलिस महकमे में बहस छिड़ गई है।
नगर जोन की बड़ी चौकियों पर बदले प्रभारी, कई पुराने चेहरों को किया साइडलाइन, हटाए गए दरोगा सूची पर उठा रहे सवाल, विभाग में जूनियर-सीनियर की बहस भी तेज
आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट के नगर जोन में दरोगाओं के बंपर तबादलों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने शहर की कई महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों को बदलते हुए नए दरोगाओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल की सबसे बड़ी चर्चा यह है कि लंबे समय से महत्वपूर्ण चौकियों पर जमे कई मठाधीश और विवादित छवि वाले दरोगाओं को हटाकर साइडलाइन कर दिया गया है। नए चेहरों पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण इलाकों की कमान सौंपी गई है।
इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जिन दरोगाओं की चौकियां बदली गई हैं, उनमें कुछ अपनी वरिष्ठता और अनुभव का हवाला देकर तबादला सूची पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं विभाग के दूसरे पुलिसकर्मियों का तर्क है कि चौकी की जिम्मेदारी केवल वरिष्ठता के आधार पर नहीं मिलती, बल्कि कार्यशैली, अनुशासन और जवाबदेही भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस फेरबदल को नगर जोन में पुलिसिंग की कार्यशैली बदलने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
विवादों में रहे दरोगाओं को फिर नहीं मिली बड़ी चौकी
नगर जोन में कुछ ऐसे दरोगा भी महत्वपूर्ण चौकियों पर पहुंचने में सफल रहे थे, जिनका पूर्व में विवादों से नाता रहा है। विभागीय चर्चाओं के मुताबिक, इनमें से कुछ को अलग-अलग मामलों में निलंबन या लाइन हाजिरी जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कुछ समय बाद बहाली होने पर वे फिर नगर जोन में तैनात हो गए और उन्हें महत्वपूर्ण चौकियों की जिम्मेदारी भी मिल गई।
इससे विभाग के भीतर यह सवाल उठता रहा कि यदि किसी दरोगा के खिलाफ गंभीर शिकायतों या विवादों के चलते कार्रवाई की गई थी तो कुछ समय बाद उसे फिर उसी तरह की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैसे मिल गई? अब ताजा फेरबदल में ऐसे कई पुराने चेहरों को चौकी प्रभारी की कुर्सी से हटा दिया गया है। इसे पुलिस महकमे में लंबे समय से जमे लोगों की जिम्मेदारियों में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
बड़ी चौकियों पर नए दरोगाओं की तैनाती
डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने शहर की कई महत्वपूर्ण चौकियों पर नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। सराय ख्वाजा, शाहगंज डिवीजन, बोदला, आगरा फोर्ट, फैक्ट्री एरिया, बसई, ताजगंज, ताजमहल, रुनकता, बेलनगंज और शहीद नगर समेत कई चौकियों पर बदलाव किया गया है।
इन चौकियों की जिम्मेदारी नए दरोगाओं को देकर पुलिस अधिकारियों ने उनसे बेहतर पुलिसिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा की है। वहीं, अब तक इन चौकियों पर तैनात रहे कई दरोगाओं को दूसरी जगह भेज दिया गया है। इस बदलाव के बाद नगर जोन में पुलिसकर्मियों के बीच नई तैनाती को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
2015 बैच के दरोगाओं की वरिष्ठता पर सवाल
तबादला सूची सामने आने के बाद कुछ 2015 बैच के दरोगाओं की नाराजगी भी चर्चा में है। उनका कहना है कि उनसे जूनियर दरोगाओं को महत्वपूर्ण चौकियों की कमान दे दी गई, जबकि वरिष्ठ होने के बावजूद उन्हें हटा दिया गया। हालांकि, इस तर्क पर विभाग के दूसरे पुलिसकर्मी भी सवाल उठा रहे हैं।
उनका कहना है कि पुलिस विभाग में केवल बैच और वरिष्ठता ही जिम्मेदारी तय करने का आधार नहीं हो सकते। कई थानों में जूनियर निरीक्षक थाना प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं, जबकि उसी थाने में उनसे वरिष्ठ पुलिसकर्मी सेकंड अफसर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में जूनियर दरोगा को चौकी प्रभारी बनाने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
अब नए प्रभारियों की कार्यशैली पर रहेगी नजर
नगर जोन में हुए इस फेरबदल के बाद नए चौकी प्रभारियों के सामने अपनी कार्यक्षमता साबित करने की चुनौती होगी। खासकर उन चौकियों पर, जहां लंबे समय से पुलिसिंग को लेकर शिकायतें या विवाद सामने आते रहे हैं। अधिकारियों के इस फैसले का वास्तविक असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा।
फिलहाल इतना जरूर है कि नगर जोन में चौकी प्रभारी की कुर्सियों पर हुए इस बड़े बदलाव ने पुलिस महकमे के पुराने समीकरण हिला दिए हैं। लंबे समय से महत्वपूर्ण चौकियों पर जमे दरोगाओं को हटाकर नए चेहरों को मौका दिए जाने से विभाग में संदेश साफ है कि अब तैनाती को लेकर पुराने समीकरणों के बजाय नई कार्यशैली और जवाबदेही पर जोर दिया जा रहा है।