अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और मां गिरफ्तार; अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
-संजीव शुक्ला- छिबरामऊ (कन्नौज)। कोतवाली के सामने हुए अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड के मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छह पुलिस टीमों की लगातार दबिश के बाद हुई इस कार्रवाई के साथ ही प्रशासन ने इब्राहिमगंज स्थित आरोपी के मकान के उस हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया, जिसे सड़क की जमीन पर आगे बढ़ाकर बनाया गया था। पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से हत्याकांड के आरोपियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
सड़क की जमीन पर बने हिस्से को किया ध्वस्त
उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी और तहसीलदार अभिनव वर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम इब्राहिमगंज पहुंची। भारी पुलिस बल, क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा और कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे की मौजूदगी में मकान के उस हिस्से को तोड़ दिया गया, जो सड़क की जमीन पर आगे बढ़ाकर बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान दीवार और गेट भी ध्वस्त कर दिए गए।
इससे पहले मोहल्ला इब्राहिमगंज निवासी सुनील दुबे, नीलू तिवारी, अतुल गुप्ता और कुलदीप यादव आदि की शिकायत पर नगर पालिका परिषद ने आरोपी की मां मुन्नी देवी, पत्नी अवध बिहारी दीक्षित को बुधवार को नोटिस जारी किया था। नोटिस में आरोप लगाया गया था कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए मकान के कॉर्नर पर निर्माण कर आवागमन बाधित किया गया है।
नगर पालिका ने नोटिस के जरिए 15 दिन के भीतर स्वीकृत नक्शा और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था। ऐसा नहीं करने पर उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 के तहत अवैध निर्माण का पूर्ण ध्वस्तीकरण कराने और जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सड़क की जमीन पर बने हिस्से को ध्वस्त करा दिया।
पुलिस लगातार दबिश देकर हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद मामले ने क्षेत्र में व्यापक चर्चा का रूप ले लिया है।