ओवैसी-चंद्रशेखर की सियासी जुगलबंदी पर रामगोपाल का तंज- ‘जीरो प्लस जीरो भी जीरो’, सपा को चुनौती देने वालों को कुछ हासिल नहीं होगा
-मसूद तैमूरी- इटावा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पर टिप्पणी करने वालों को चुनाव में जीरो ही मिलेगा। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, “सपा पर कमेंट करने दो, उन्हें जीरो ही मिलेगा। जीरो प्लस जीरो इक्वल टू जीरो ही होगा।” उनका यह बयान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा के खिलाफ संभावित राजनीतिक लामबंदी पर तीखा कटाक्ष है।
प्रो. रामगोपाल यादव शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे इटावा शहर में निर्माणाधीन केदारेश्वर मंदिर पहुंचे। इस मंदिर का निर्माण समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करा रहे हैं। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और महादेव का आशीर्वाद लिया। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की राजनीति और अन्य मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन को लेकर पत्रकारों ने सवाल किया तो प्रो. यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर टिप्पणी करने वालों को जीरो ही मिलेगा। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि जीरो में जीरो जोड़ने से भी परिणाम जीरो ही रहता है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित फोन टैपिंग के मुद्दे पर भी प्रो. रामगोपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फोन तो सभी लोगों के टैप किए जा रहे हैं, केवल राहुल गांधी का ही नहीं। पत्रकारों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि जब आप लोग बड़े पत्रकार हो जाएंगे तो आपका फोन भी टैप किया जाएगा।
केदारेश्वर मंदिर में दर्शन के उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा बनी रहे, इसी कामना से वह यहां दर्शन करने आते हैं। महादेव की कृपा से लोगों की सभी दिक्कतें दूर होंगी। इसके बाद उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से आशीर्वाद लिया।
इस दौरान पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता, गोपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।