शास्त्रीपुरम में गोदाम पर पुलिस छापाः लाइसेंस की अनुमति से बहुत ज्यादा पटाखे मिले
आगरा। दीपावली से पहले थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर पटाखों के लाइसेंस से अधिक अवैध भंडारण का खुलासा किया। रिहायशी इलाके में स्थित इस गोदाम में लाइसेंस से लगभग 500 किलो ज्यादा पटाखे रखे गए थे, जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
सूत्रों के अनुसार यह गोदाम संचालक के पास लाइसेंस तो है, लेकिन लाइसेंस की अनुमति से कहीं ज्यादा पटाखों का भंडारण कर रखा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोदाम से बड़ी मात्रा में देसी बम, रॉकेट, अनार, सुतली बम और अन्य उच्च विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद श्रमिकों और गोदाम संचालक अग्रवाल से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल बरामद सामग्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है।
थाना सिकंदरा पुलिस का कहना है कि यह भंडारण न केवल विस्फोटक अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि रिहायशी क्षेत्र में मानव जीवन को जोखिम में डालने का अपराध भी है। इस मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और अग्रिम जांच शुरू करने की तैयारी की जा रही है।