अब दानदाता नहीं, सत्ता में भागीदारी चाहिए, वैश्य समाज ने भरी 2027 की हुंकार

आगरा के महाराजा अग्रसेन भवन में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल का सम्मान किया। समारोह में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज अब केवल दान और सेवा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजनीतिक निर्णयों में भी अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगा।

Nov 14, 2026 - 20:28
 0
अब दानदाता नहीं, सत्ता में भागीदारी चाहिए, वैश्य समाज ने भरी 2027 की हुंकार
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल के सम्मान समारोह में राजनीतिक एकजुटता का आह्वान, विनय अग्रवाल बोले- राजनीति की मुख्यधारा में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराए समाज, वोट की चोट से जवाब देने की चेतावनी

आगरा। हमेशा दान, सेवा और त्याग के लिए तत्पर रहने वाले वैश्य समाज को अब राजनीतिक अधिकारों में भी उचित भागीदारी चाहिए। जब तक वैश्य समाज राजनीति की मुख्यधारा में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज नहीं कराएगा, तब तक उसके अधिकारों की अनदेखी होती रहेगी। यह बात अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल ने नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल के सम्मान समारोह में कही।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल ने डॉ. आकाश अग्रवाल को पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डॉ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि जब आप स्वयं चुनाव लड़ते हुए जीत की स्थिति तक पहुंचने का संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक आप मेरे संघर्ष और अनुभव को नहीं समझ पाएंगे। मुझे चुनाव से हटाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन वैश्य समाज में अब राजनीतिक जागरूकता बढ़ रही है। समाज अपने ईमानदार और योग्य प्रत्याशी को सत्ता में देखना चाहता है।

विनय अग्रवाल ने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल का एमएलसी निर्वाचित होना वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह 2027 की बड़ी राजनीतिक सफलता की दिशा में भी पहला कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि आगरा सहित पूरे प्रदेश में अग्रवाल समाज को जागरूक करने, एकजुट करने और राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए एक व्यापक मुहिम चलाई जाएगी। वैश्य समाज को अब केवल दानदाता और सहयोगी की भूमिका तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि राजनीतिक निर्णयों में भी अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी है।

ब्रज प्रदेश अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल का एमएलसी निर्वाचित होना पूरे समाज के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह उपलब्धि समाज की एकजुटता, सक्रियता और सामाजिक सहभागिता को नई प्रेरणा देने वाली है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज के प्रति लगातार अपमानजनक शब्दों और टिप्पणियों का प्रयोग किया जा रहा है, जिसे समाज अब बर्दाश्त नहीं करेगा। वैश्य समाज हमेशा दान, सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है, लेकिन उसके सम्मान और स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। आने वाले चुनाव में वैश्य समाज अपने सम्मान और राजनीतिक अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से वोट की चोट के माध्यम से इसका जवाब देगा। समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. आकाश अग्रवाल अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से संजय सिंघल, राजकुमार गर्ग, राकेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, दिनेश बंसल, हेमलता अग्रवाल, नरेंद्र सिंघल, बॉबी अग्रवाल, अखिल बंसल, उमेश अग्रवाल, गणेश बंसल, अम्बुज अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, केएम सिंघल, सुनील गोयल, हरिओम गोयल, नीरज, मयंक अग्रवाल, शशांक बंसल, संदीप मित्तल, अमन अग्रवाल, जीनेश अग्रवाल, शशि गोयल, मोहित गोयल, स्वतंत्र अग्रवाल एवं संजीव पोरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।