आगरा की गलियों, तहजीब और विरासत का दस्तावेज है अरुण डंग की पुस्तक ‘आगरे का है’, लोकार्पण समारोह में पद्मश्री डॉ. आरएस पारीक बोले- साहित्यिक उपवन में खिला खुशबूदार फूल
आगरा। आगरा की ऐतिहासिक गलियों, सांस्कृतिक विरासत, साहित्यिक परंपराओं और यहां के जनजीवन को केंद्र में रखकर लिखी गई अरुण डंग की पुस्तक ‘आगरे का है’ का शनिवार को होटल ग्रांड में लोकार्पण किया गया। पुस्तक को आगरा की स्मृतियों और पहचान का साहित्यिक दस्तावेज बताते हुए पद्मश्री डॉ. आरएस पारीक ने कहा कि इसे पढ़कर वे गलियां और बचपन याद आ गए, जहां लोग खेलते-कूदते बड़े हुए। यह पुस्तक हमारी संस्कृति और विरासत से परिचित कराती है। साहित्यिक उपवन में यह एक खिला हुआ सुंदर और खुशबूदार फूल है, जिसे अरुण डंग ने आत्मीयता से लिखा है। साहित्य, इतिहास और संस्कृति से जुड़े लोगों की मौजूदगी में हुए समारोह में वक्ताओं ने पुस्तक को आगरा के विभिन्न पक्षों को समझने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

पुस्तक लोकार्पण समारोह में गजल प्रस्तुत करते सुधीर नारायण।
पद्मश्री डॉ. पारीक ने अपने संबोधन में ऋग्वेद का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीयों ने अपनी संस्कृति पर गौरव महसूस करना कम कर दिया है और पश्चिमी संस्कृति को अधिक महत्व देने लगे हैं। कालिदास की तुलना शेक्सपियर से नहीं की जानी चाहिए। उनके अनुसार कालिदास का साहित्यिक व्यक्तित्व शेक्सपियर से कहीं बड़ा है।
पुस्तक के लेखक अरुण डंग ने अपनी कृति की रचना प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने महसूस किया कि आगरा पर अब तक लिखे गए अधिकांश विवरण शासकों के कालखंडों के आधार पर प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने इस पुस्तक में आगरा को अलग-अलग विषयों के माध्यम से देखने और समझने का प्रयास किया है। इसमें शहर के लोगों, उनकी जीवनशैली और साहित्यिक पक्ष को भी स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि मशहूर शायर मिर्जा गालिब ने आगरा को ‘शहर-ए-सुखन’ कहा था। इतिहासकारों के हवाले से उन्होंने आगरा की बागों वाले शहर के रूप में रही पहचान का भी उल्लेख किया।
अरुण डंग ने कहा कि नजीर अकबराबादी और मिर्जा गालिब की रचनाओं ने उन्हें हमेशा प्रभावित किया है। आगरा ऐसा शहर है, जहां अनेक संस्कृतियों का संगम दिखाई देता है। इसी बहुआयामी पहचान ने उन्हें इस पुस्तक को लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि 14 नवंबर का महत्व केवल बाल दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रिटिश शासनकाल में इसी दिन आगरा प्रेसीडेंसी का गठन भी हुआ था।
पुस्तक की विषयवस्तु पर मुख्य वक्ता प्रोफेसर बीना शर्मा ने कहा कि बिहारी सतसई की तर्ज पर इस पुस्तक के 30 आलेख गागर में सागर के समान हैं। अरुण डंग ने पर्याप्त विचार-मंथन और शोध के बाद विभिन्न विषयों से जुड़ी जानकारियों को लिपिबद्ध किया है।
आयोजन सहयोगी साहित्य संगीत संगम एवं चेतना इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित समारोह का शुभारंभ विमला डंग, रेखा डंग, आर्किटेक्ट शशि शिरोमणि और प्रोफेसर वीना शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। सरस्वती वंदना कु. पूजा तोमर ने प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत करते हुए दुर्ग विजय सिंह दीप ने कहा कि यह आयोजन आगरा के उन सभी प्रेमियों के लिए है, जो गर्व से स्वयं को आगरे का कहते हैं।
अरुण डंग का परिचय देते हुए कार्यक्रम संचालक सुशील सरित ने काव्यात्मक अंदाज में कहा, ‘जुनून की हद से गुजर करके वह जहां पहुंचे, वहां तलक न फरिश्तों के भी निशां पहुंचे।’ उन्होंने लेखक की साहित्यिक यात्रा और उनकी रचनात्मक प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।
करीब 200 पृष्ठों की इस पुस्तक में पांच खंडों के अंतर्गत आगरा के विभिन्न पहलुओं पर आधारित 30 आलेख शामिल हैं। लोकार्पण समारोह में अरुण डंग ने पुस्तक की पहली प्रति डॉ. आरएस पारीक को भेंट की। इसके बाद डॉ. पारीक, शशि शिरोमणि, प्रोफेसर बीना शर्मा, विमला डंग, रेखा डंग, प्रेमा डंग, राधिका डंग, धारा, संकल्प, सृष्टि और बत्रा सहित अन्य लोगों ने पुस्तक का लोकार्पण किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को साहित्यिक और संगीतमय रंग दिया। गजल गायक सुधीर नारायण ने नजीर अकबराबादी की रचना ‘आगरे का है...’ प्रस्तुत की। इसके बाद उन्होंने अमीर खुसरो की प्रसिद्ध रचना ‘छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाइके’ सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर किया। इन प्रस्तुतियों में खुशी सोनी, प्रीति कुमारी, अमन शर्मा और हर्षित पाठक ने सहयोगी स्वर दिए। तबले पर राज मैसी, की-बोर्ड पर अशोक कुमार और बांसुरी पर अक्ष यादव ने संगत की।
समारोह में रक्षा संपदा अधिकारी यशपाल सिंह, पूरण डावर, अशोक अश्रु, रामनाथ, रामकुमार अग्रवाल, प्रो. लवकुश मिश्रा, डॉ. महेश शर्मा, कर्नल शिव कुंजरू, रवि शिरोमणि, डॉ. मधु भारद्वाज, विजय गोयल, गायत्री, हरीश अग्रवाल, आरिफ तैमूरी, विजया तिवारी, दिनेश श्रीवास्तव, डॉ. महेश धाकड़, अनिल शुक्ला, श्रीकृष्ण, ब्रजेंद्र, प्रो. ब्रजेश चंद्रा, मोहन कुशवाहा, योगीराज, प्रो. विनोद माहेश्वरी, दिलीप रघुवंशी, प्रो. नसरीन बेगम, हरीश भदोरिया, अशोक राठी, सुधीर शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, यशपाल, फैज अली शाह, राकेश निर्मल, रवि, आरएस तिवारी, आदर्श नंदन, डॉ. शैल बाला, प्रो. सुषमा सिंह, रमा वर्मा, निशु और अभय पोताडे सहित अनेक साहित्यप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।