चुनाव की निष्पक्षता से अपराधियों पर शिकंजे तक, बरेली रेंज में डीआईजी मुनिराज जी का सख्त रुख; नेपाल सीमा और मेलों की सुरक्षा पर भी रहेगा फोकस

-आरके सिंह- बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और चार जिलों में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने को नवागत डीआईजी मुनिराज जी ने अपनी प्राथमिकता बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरेली परिक्षेत्र के सभी जिलों में पुलिसिंग की नियमित समीक्षा होगी और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। चुनावी सुरक्षा के साथ पीलीभीत से लगी भारत-नेपाल सीमा पर विशेष निगरानी, सीमावर्ती थानों को हाई अलर्ट पर रखने तथा बरेली के चौबारी और बदायूं के ककोड़ा मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी उनकी कार्ययोजना में शामिल हैं।

Nov 14, 2026 - 23:36
 0
चुनाव की निष्पक्षता से अपराधियों पर शिकंजे तक, बरेली रेंज में डीआईजी मुनिराज जी का सख्त रुख; नेपाल सीमा और मेलों की सुरक्षा पर भी रहेगा फोकस
बरेली के नवागत डीआईजी मुनिराज जी।

मुनिराज जी ने शुक्रवार शाम बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी शामिल हुए।

शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इसके लिए परिक्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के साथ अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो।

चार जिलों की पुलिसिंग पर रहेगी सीधी नजर

बरेली परिक्षेत्र में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले शामिल हैं। डीआईजी इन चारों जिलों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई की नियमित निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय और जवाबदेह रहकर काम करना होगा। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ेगी चौकसी

सुरक्षा के मद्देनजर पीलीभीत से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी और सतर्कता बरती जाएगी। सीमावर्ती थानों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि चुनाव के दौरान सीमा पार से किसी तरह की अवांछित गतिविधि या सुरक्षा संबंधी चुनौती को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

चौबारी और ककोड़ा मेले की सुरक्षा पर जोर

डीआईजी ने कानून-व्यवस्था के साथ आगामी मेलों की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण बताया। बरेली के चौबारी मेले और बदायूं के ककोड़ा मेले में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। दोनों जिलों में मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जनसुनवाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मुनिराज जी. ने कहा कि जनसुनवाई के मामलों का निस्तारण गुणवत्ता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर निपटाने के बजाय उनकी वास्तविकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई में लापरवाही बरतने या शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं दिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वर्ष 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी. इससे पहले मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी के पद पर तैनात थे। वह बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। बरेली की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों से उनका पूर्व परिचय रहा है। अब दोबारा इस परिक्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने चारों जिलों में अपराध नियंत्रण, चुनावी सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

SP_Singh AURGURU Editor