आगरा के पार्श्वधाम में गूंजे जैन मुनियों के जयकारे, तीन मुनिराजों का भव्य पिच्छिका परिवर्तन; संयम और अहिंसा का दिया संदेश

आगरा। छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वधाम में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के पांचवें दिन त्रय मुनिराजों के सानिध्य में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्रमण मुनिश्री 108 समत्व सागर जी महाराज, मुनिश्री शील सागर जी महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने नवीन पिच्छिकाएं अर्पित कीं। गाजे-बाजे के साथ निकली पिच्छिका शोभायात्रा, भक्ति संगीत और मुनिराजों के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

Nov 14, 2026 - 23:46
 0
आगरा के पार्श्वधाम में गूंजे जैन मुनियों के जयकारे, तीन मुनिराजों का भव्य पिच्छिका परिवर्तन; संयम और अहिंसा का दिया संदेश
छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वधाम में श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के पांचवें दिन त्रय मुनिराजों के पिच्छिका परिवर्तन समारोह की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं ने मुनिराजों का पाद प्रक्षालन किया और शास्त्र भेंट किए। तीनों मुनिराजों के मंच पर आगमन के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों से उनका स्वागत किया। आकर्षक ढंग से सजाई गई पिच्छिकाओं को गाजे-बाजे के साथ आयोजन स्थल तक लाया गया। श्रावक-श्राविकाओं ने शोभायात्रा में भाग लिया और भक्ति गीतों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर मुनिश्री  समत्व सागर महाराज को नवीन पिच्छिका वीरेंद्र कुमार जैन शास्त्री और गौरव कुमार जैन (जैन कांटे वाले), कमला नगर, आगरा के परिवार की ओर से भेंट की गई। मुनिश्री शील सागर महाराज को नवीन पिच्छिका मनोज जैन (बल्लो) और रिषभ जैन, रिम वाले, छीपीटोला, आगरा के परिवार की ओर से अर्पित की गई। तीसरी पिच्छिका के दानकर्ताओं के रूप में भी मनोज जैन (बल्लो) और रिषभ जैन, रिम वाले, छीपीटोला का नाम आयोजन में घोषित किया गया।

संयम ही जीवन को बनाता है मंगलमय

प्रवचन में मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने कहा कि जीवन में समय रहते संयम आ जाए तो संध्या की बेला भी सुप्रभात की तरह मंगलमय बन सकती है। उन्होंने कहा कि पिच्छिका को धारण करने और उसे स्पर्श करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। इसके प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में ले जाता है।

मुनिश्री ने पिच्छिका के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह देखने में हल्की और साधारण लगती है, लेकिन दिगंबर जैन मुनियों के लिए इसका महत्व अत्यंत बड़ा है। यह अहिंसा और जीवों के प्रति करुणा का प्रतीक है। मोर द्वारा स्वाभाविक रूप से छोड़े गए पंखों को एकत्रित कर पिच्छिका बनाई जाती है। इसका उपयोग जमीन या वस्तुओं का परिमार्जन करने में किया जाता है, ताकि आंखों से दिखाई न देने वाले सूक्ष्म जीवों को भी किसी प्रकार की हानि न पहुंचे।

उन्होंने बताया कि दिगंबर जैन साधुओं के तीन प्रमुख उपकरण पिच्छिका, कमंडल और शास्त्र हैं। मुनिराज इन्हीं के माध्यम से अपनी साधना और संयम का पालन करते हैं। पिच्छिका के पंखों की कोमलता कम होने पर निर्धारित समय के बाद इसे बदल दिया जाता है। इसी परंपरा के अंतर्गत पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जाता है।

चातुर्मास समापन पर हुआ आयोजन

त्रय मुनिराजों के चातुर्मास समापन के उपरांत श्री पार्श्वधाम, छीपीटोला में यह भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पं. महावीर प्रसाद जैन, पं. विजय जैन शास्त्री, पं. तरुण शास्त्री (इंदौर), प्रवीन जैन, आनंद जैन, रमेश जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, आशीष जैन (बाबा), हेमंत जैन, दीपक जैन, सचिन जैन, रोहित जैन, विन्नू जैन तथा मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

समारोह में पिच्छिका परिवर्तन के माध्यम से अहिंसा, जीवदया, संयम और त्याग की जैन परंपरा का संदेश दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor