आगरा कॉलेज इंजीनियरिंग विभाग के पांच विद्यार्थियों को मिला कैंपस प्लेसमेंट
आगरा। आगरा कॉलेज की फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एफईटी) के पांच विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में सफलता हासिल की है। एसकेएस इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड ने चयन प्रक्रिया के बाद इन विद्यार्थियों को ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी के पद पर नियुक्ति के लिए चुना है। सभी चयनित विद्यार्थियों को 3.6 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा।
चयनित विद्यार्थियों में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के यशपाल, विक्रम सिंह और आदित्य कुमार तथा सिविल इंजीनियरिंग विभाग के मोहित सिंह जादौन और पारस सागर शामिल हैं।
कंपनी की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में उसके प्रतिनिधि योगेश यादव और सौरभ मंगल उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. यदवेन्द्र शर्मा, डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. अमित रावत, डॉ. आर. के. शर्मा, इंजीनियर राहुल जैन, इंजीनियर राहुल अंशुमाली और इंजीनियर हर्षित उपाध्याय ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।