अखिलेश की हुंकार से गरमाई यूपी की सियासत, बोले-आगरा सम्मेलन के बाद खिसक जाएगी भाजपा की जमीन

आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित सपा के पीडीए दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि आगरा सम्मेलन के बाद भाजपा की जमीन खिसक जाएगी। उन्होंने पेपर लीक, 26 हजार स्कूल बंद होने, दलित उत्पीड़न, बाबा साहब की 200 मूर्तियां तोड़े जाने, आरक्षण और सरकारी नौकरियों का मुद्दा उठाया। आगरा के जूता कारीगरों को न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम दिलाने, 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को न्याय देने और संविदा कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने का वादा किया। सम्मेलन में बाल योगी उर्फ लव पंडित और राजेंद्र सिंह राठौर ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश ने नारा दिया- पीडीए यानी पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले।

Nov 15, 2026 - 16:16
 0
अखिलेश की हुंकार से गरमाई यूपी की सियासत, बोले-आगरा सम्मेलन के बाद खिसक जाएगी भाजपा की जमीन
जीआईसी मैदान में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए दलित सम्मेलन को संबोधित करते पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। नीचे बाल योगी को सपा की सदस्यता ग्रहण कराते अखिलेश यादव।

जीआईसी मैदान में PDA दलित सम्मेलन से 2027 का चुनावी शंखनाद, अमित शाह के 'अंगद के पैर' वाले बयान पर पलटवार, दलित, पिछड़े, युवा और मजदूरों को साधने के लिए अखिलेश ने खोला वादों का पिटारा

आगरा। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल अभी से बजने लगा है। आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए दलित सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक जमीन पर बड़ा संदेश देने की कोशिश की। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, युवाओं और गरीबों को एकजुट करने के एजेंडे के साथ आयोजित इस सम्मेलन में अखिलेश यादव ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'अंगद का पैर' वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि उनका अंगद का पैर है, आगरा के इस दलित सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं रहेगी तो अंगद का पैर कहां रखेंगे। उल्लेखनीय है कि 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने कहा था कि प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला या हटा नहीं सकता। अखिलेश ने इसी बयान को 2027 के चुनाव से जोड़कर भाजपा को चुनौती दी।

उनका भाषण केवल राजनीतिक आरोपों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने शिक्षा, आरक्षण, सरकारी नौकरियों, पेपर लीक, दलित उत्पीड़न, संविधान, मजदूरों के अधिकार, न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम, स्वास्थ्य सेवाओं और संविदा कर्मचारियों के भविष्य जैसे मुद्दों को उठाकर सपा के चुनावी एजेंडे की तस्वीर भी पेश की।

पीडीए को नया नारा देकर भाजपा को चुनौती

अखिलेश यादव ने सम्मेलन में पीडीए की नई राजनीतिक व्याख्या करते हुए कहा कि भाजपा के लोग पहले पीडीए से घबराते थे और अब इसकी परिभाषा बदलने में लगे हैं। उन्होंने कहा, पीडीए यानी पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले। उनके मुताबिक पीडीए में 'डी' अब दमदार दलित की ताकत बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज इस बार भाजपा का राजनीतिक सफाया करने के लिए तैयार है। अखिलेश ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार से पीड़ित और अपमानित 95 प्रतिशत लोग एकजुट हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन को नई ताकत मिलेगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का जनसमर्थन पूरे देश में बदलाव का संदेश देगा। सम्मेलन में 30 जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को भी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया। 

पेपर लीक, आरक्षण और नौकरियों पर भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मुद्दे पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कराने का काम भाजपा खुद कर रही है। इसकी वजह यह है कि यदि परीक्षाएं सही तरीके से होंगी तो सरकार को युवाओं को नौकरियां देनी पड़ेंगी और आरक्षण भी देना होगा। इससे दलित समाज के युवा आगे बढ़ेंगे। उन्होंने वाराणसी में भाजपा को डबल इंजन की सरकार के बावजूद डबल जीरो मिलने का तंज कसा। आगरा के हालिया एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समर्थित प्रत्याशी को डराया गया, उनके साथ मारपीट हुई और कपड़े तक फाड़ दिए गए। इसके बावजूद प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि नौजवानों की ताकत के सामने सरकार को झुकना पड़ा। जेन-जी और जेन-अल्फा ने अपनी ताकत दिखाई और सरकार को अपने मंत्री को हटाना पड़ा। 

26 हजार स्कूल बंद करने का आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में गरीब, पिछड़े, दलित और पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते थे। स्कूल बंद होने से केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई, बल्कि वहां काम करने वाले शिक्षकों की नौकरियां भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा दलित समाज के मजबूत लोगों को डरा नहीं पाई तो उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए शिक्षा के अवसर कम किए जा रहे हैं। सरकारी नौकरियां भी खत्म की जा रही हैं। अखिलेश ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर हमला सामाजिक न्याय के खिलाफ है। 

दलित उत्पीड़न और बाबा साहब की मूर्तियों का मुद्दा उठाया

सपा प्रमुख ने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि दलितों पर सबसे अधिक अन्याय उत्तर प्रदेश में हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की करीब 200 मूर्तियां तोड़ी जा चुकी हैं। इसके बावजूद दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बाबा साहब के हाथ में मौजूद संविधान को तोड़ने का काम कर रहे हैं। संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि देश मनविधान से नहीं, संविधान से चलेगा। जो लोग संविधान बदलना चाहते हैं, पीडीए समाज के लोग उन्हें सत्ता से विदा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की राजनीति समाज को बांटने वाली है, जबकि सपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करती है। 

ओवैसी का नाम लिए बिना सियासी सैलानियों पर निशाना

अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होने वाले नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा हारी है, तब से सियासत के सैलानी आने लगे हैं। उनका ओटीपी कहीं और से आ रहा है। केवल ओटीपी ही नहीं, किसी और के माइक के लाउडस्पीकर भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों की डोर और चरखी कहीं और है। ये उतना ही उड़ेंगे, जितनी उन्हें ढील दी जाएगी। अखिलेश का यह बयान उत्तर प्रदेश में पीडीए के राजनीतिक समीकरण को लेकर दूसरे दलों की सक्रियता और संभावित गठबंधनों पर सपा की चिंता के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ऐसे लोगों से सावधान रहें, जो दलित और मुस्लिम समाज को गुमराह करके पीडीए की एकजुटता कमजोर करना चाहते हैं।

'इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा'

अखिलेश यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग डराते हैं, धमकाते हैं और समय-समय पर लाठी दिखाते हैं, इस बार उनकी लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने कहा कि युवा अब डरने वाले नहीं हैं। नई पीढ़ी अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठा रही है। उन्होंने जेन-जी और जेन-अल्फा की राजनीतिक जागरूकता का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं ने सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराया है। यह बदलाव की शुरुआत है।

69 हजार शिक्षक भर्ती और संविदा कर्मचारियों को न्याय का भरोसा

सपा प्रमुख ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में हजारों शिक्षकों को अपने हक के लिए आंदोलन करना पड़ा और अदालतों के चक्कर काटने पड़े। सुप्रीम कोर्ट तक उनके पक्ष में होने के बावजूद सरकार उन्हें न्याय नहीं दिला पा रही है। उन्होंने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून का राज और सामाजिक न्याय स्थापित किया जाएगा। सभी को उनका हक और सम्मान दिलाने का प्रयास होगा। अखिलेश ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2006 में जिन संविदा सफाई कर्मचारियों को नियुक्ति दी थी, उनका भविष्य भी सुरक्षित किया जाएगा। संविदा कर्मचारियों को निराश नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने सरकारी नौकरियों में रिक्त पद भरने और युवाओं को रोजगार देने का भी वादा किया।

आगरा के जूता कारोबारियों और मजदूरों को बड़ा भरोसा

आगरा के औद्योगिक और कारोबारी महत्व को देखते हुए अखिलेश यादव ने जूता उद्योग से जुड़े कारीगरों और मजदूरों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आगरा से बड़े पैमाने पर जूतों का निर्यात होता है, लेकिन यहां के कारीगरों और मजदूरों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उनसे आठ घंटे से अधिक काम कराने पर ओवरटाइम का भुगतान भी कराया जाएगा। उन्होंने ठेकेदारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके माध्यम से मजदूरों को आर्थिक रूप से कमजोर किया जाता है। सपा सरकार में मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की जाएगी।

80-20 की राजनीति पर योगी को घेरा

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 80-20 वाली राजनीतिक टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो 80 प्रतिशत लोगों की बात करता है, वह योगी नहीं हो सकता। असली योगी वही है, जो 100 प्रतिशत लोगों के बारे में सोचे। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी वर्गों के विकास की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। किसी भी समाज को विकास और अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए विशेष पैकेज देने की भी बात कही।

वोट कटने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और वोट कटने के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के वोट कट गए। जब चुनाव आयोग, जिलाधिकारी और अधिकारी सब इनके हैं तो फिर वोट कैसे कट गए? उन्होंने दावा किया कि दलित और मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में अपने वोट बनवाए और सुरक्षित रखे। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि केवल उसके समर्थकों के वोट ही बनें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।

अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत, सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल रहा है। एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित हैं और मरीजों को सरकारी अस्पतालों से निजी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दस वर्षों में सरकारी व्यवस्था को चौपट कर दिया गया है और स्वास्थ्य सेवाएं निजी हाथों में सौंपी जा रही हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब तो अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। कहा कि महिला उत्पीड़न और दलित उत्पीड़न के मामले गंभीर हैं। सपा की सरकार बनने पर पुलिस व्यवस्था मजबूत की जाएगी और कानून का राज स्थापित होगा।

टूटी मूर्तियों का पुनर्निर्माण और दोषियों पर कार्रवाई का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बाबा साहब और अन्य महापुरुषों की मूर्तियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जिन मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है, उन्हें दोबारा बनवाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दलित समाज को सम्मान, सुरक्षा और अधिकार देना उनकी राजनीति की प्राथमिकता होगी।

राम मंदिर और भगवान राम के आशीर्वाद का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने भाजपा के राम मंदिर से जुड़े राजनीतिक बयानों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग कभी निमंत्रण भेजकर बुलाते हैं और जब कोई जाने लगता है तो सवाल करते हैं कि क्यों आ रहे हो। उन्होंने कहा कि जनता और प्रभु श्रीराम ने यदि किसी को आशीर्वाद दिया है तो वह अयोध्या के अवधेश प्रसाद को दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पर भगवान राम, गोपाल और हनुमान जी का आशीर्वाद है।

अखिलेश ने बाल योगी को दिलाई सपा की सदस्यता

सम्मेलन में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण घटनाक्रम भी देखने को मिला। अखिलेश यादव ने बाल योगी उर्फ लव पंडित को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता लेने के बाद बाल योगी ने कहा कि वह आज के बाद सपा के लिए ही जिंदा रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री की 80-20 वाली राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास सभी का होना चाहिए। उन्होंने आगरा के भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा और कहा कि एमएलसी चुनाव में भाजपा नेता हार गए, क्योंकि वे झूठ बोलते हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद से मेयर का चुनाव लड़ चुके राजेंद्र सिंह राठौर ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। 

रामजीलाल सुमन बोले- 2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता

सम्मेलन के संयोजक और सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना और सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण भूमि है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर भी अपने जीवन के अंतिम दौर में आगरा आए थे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने 50 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, वे आज राष्ट्रवाद की बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी की लड़ाई में ऐसे लोगों ने अंग्रेजों का साथ दिया था। रामजीलाल सुमन ने कहा कि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। पश्चिमी उत्तर प्रदेश सपा के लिए बेहद उपजाऊ राजनीतिक जमीन है।

रामगोपाल यादव ने भाजपा पर पीडीए को तोड़ने की साजिश का लगाया आरोप

सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा पीडीए की एकजुटता से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ पार्टियों और लोगों को पैसा देकर तथा डराकर पीडीए से अलग करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। जाति और धर्म देखकर काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और पीडीए की एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

अवधेश प्रसाद बोले- भाजपा 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी

अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि आगरा में होने वाले सम्मेलन समाजवादी पार्टी के लिए हमेशा शुभ साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने की क्षमता केवल अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी में है। उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे पर कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं कि वे राम को लाए हैं, लेकिन राम तो अखिलेश यादव और अवधेश प्रसाद को लेकर आए हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई होगी और पार्टी 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

मोहिबुल्लाह नदवी बोले- यूपी मोहब्बत से चलेगा, दादागिरी से नहीं

रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि दूसरे राज्यों से आकर कुछ लोग उत्तर प्रदेश की राजनीति में पतंग उड़ाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी डोर कहीं और से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समझदार है और किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल बंद हुए, वोट चोरी में सहयोग किया गया और मंदिरों के चढ़ावे तक को नहीं छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मोहब्बत और सामाजिक न्याय से चलेगा, किसी की दादागिरी से नहीं।

साइकिल से 200 किलोमीटर चलकर पहुंचे 67 वर्षीय लखन सिंह

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने लायक रहा। कन्नौज के 67 वर्षीय लखन सिंह यादव साइकिल से करीब 200 किलोमीटर का सफर तय करके आगरा पहुंचे। उन्होंने 13 नवंबर को यात्रा शुरू की थी और तीन दिन में आगरा पहुंचे। उनकी साइकिल पर सुझाव पेटिका लगी हुई थी। वह रास्ते में लोगों से मिलकर समाजवादी पार्टी के लिए सुझाव मांगते हुए पार्टी का प्रचार कर रहे थे। सम्मेलन में महिलाएं अखिलेश यादव की तस्वीरें लेकर पहुंचीं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पीडीए लिखी टी-शर्ट पहने नजर आए। सपेरों के बैंड और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। अखिलेश यादव ने मंच पर पहुंचने के बाद हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद बुद्ध प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए और बुद्ध वंदना हुई।

आगरा से दलित वोट बैंक पर सपा की नजर, 2027 के लिए बड़ा दांव

आगरा में आयोजित यह सम्मेलन केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी की 2027 की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित मतदाताओं की बड़ी संख्या और आगरा की सामाजिक-राजनीतिक पहचान को देखते हुए सपा ने यहां से पीडीए की राजनीति को नई धार देने की कोशिश की है। इस सम्मेलन के जरिए अखिलेश यादव ने तीन प्रमुख राजनीतिक संदेश दिए हैं।

पहला, दलित वोट बैंक पर सीधी पकड़: सपा अब पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के साथ दलित मतदाताओं को भी अपने राजनीतिक समीकरण का मजबूत आधार बनाना चाहती है। बाबा साहब की मूर्तियों, आरक्षण, शिक्षक भर्ती और दलित उत्पीड़न के मुद्दे इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

दूसरा, भाजपा के हिंदुत्व और 80-20 के राजनीतिक विमर्श का जवाब: अखिलेश ने 100 प्रतिशत लोगों के विकास और संविधान की बात करके भाजपा की राजनीति के सामने सामाजिक न्याय का वैकल्पिक एजेंडा रखने की कोशिश की। भगवान राम और बुद्ध का उल्लेख करके उन्होंने धार्मिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर संदेश दिया।

तीसरा, युवाओं और मजदूरों को चुनावी मुद्दों से जोड़ना: पेपर लीक, सरकारी नौकरियां, शिक्षक भर्ती, संविदा कर्मचारी, न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम जैसे मुद्दों के जरिए सपा ने अपने चुनावी एजेंडे को केवल जातीय समीकरण तक सीमित नहीं रखा।

हालांकि, 2027 में इस राजनीतिक रणनीति की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सपा दलित समाज का भरोसा कितना मजबूत कर पाती है और पीडीए के समीकरण को बूथ स्तर तक कितना प्रभावी बना पाती है। आगरा का सम्मेलन इस दिशा में सपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन जरूर रहा।