श्री मथुराधीश मंदिर में सजा गोवर्धन महाराज का दरबार, छप्पन भोग के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
आगरा के प्राचीन श्री मथुराधीश मंदिर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्वत की आकर्षक झांकी सजाई गई और मथुराधीश महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। ठाकुर जी के मनमोहक श्रृंगार दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्यजन आयोजन में शामिल हुए।
आगरा। प्राचीन श्री मथुराधीश मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्वत की आकर्षक झांकी सजाई गई। विधि-विधान के साथ गोवर्धन महाराज का पूजन-अर्चन किया गया। पूजा के उपरांत मिट्टी के पारंपरिक बर्तनों में अन्नकूट का भोग सजाकर भगवान को अर्पित किया गया।
इस अवसर पर मथुराधीश महाराज को छप्पन भोग लगाया गया। ठाकुर जी के भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार दर्शन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शहरभर से पहुंचे भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अन्नकूट प्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा। भक्ति और उत्साह से सराबोर वातावरण में देर तक भक्तों का तांता लगा रहा।
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन एवं प्रसादी वितरण की सुचारू व्यवस्था की गई थी। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य महंत नंदन श्रोत्रिया, यमुना आरती महंत जुगल श्रोत्रिया, चतुर्भुज तिवारी, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, नितिन कोहली, सचिन चतुर्वेदी और प्रशांत भारद्वाज सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।