‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ से गूंजा बल्केश्वर, श्रीकृष्ण लीला देखने उमड़े श्रद्धालु
आगरा के बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में 100 वर्ष से अधिक प्राचीन ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ हुआ। बधाई गीतों और जयकारों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, कंस के अत्याचार, देवकी-वसुदेव की कारागार और वासुदेव के यमुना पार गोकुल पहुंचने के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान के प्राकट्य की झांकी देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। सोमवार को शाम 6:30 बजे बल्केश्वर चौराहे से गौशाला प्रांगण तक नंद सखा की भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसके बाद नंदोत्सव लीला का मंचन होगा।
गौशाला प्रांगण में मंचीय लीलाओं के पहले दिन कंस के अत्याचार, देवकी-वसुदेव की कारागार और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का हुआ भावपूर्ण मंचन, सोमवार को निकलेगी नंद सखा की भव्य सवारी
आगरा। गोकुल में हरियाली, कोयल कूके डाली-डाली... आज री जन्म नंदलाल ने, खुशियां नंद गांव में... हीरे-मोती दिए लुटाए, लीला कैसी रे दिखाई गोपाल ने... इन भक्तिमय बधाई गीतों और जय कन्हैया लाल की गूंज के बीच रविवार को बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में आयोजित 100 वर्ष से अधिक प्राचीन ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंगों के मंचन के साथ पूरा लीला प्रांगण भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर हो गया। भगवान के जन्म का दृश्य सामने आते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा।
मंचीय लीलाओं का शुभारंभ श्री लक्ष्मी-नारायण जी की विधिवत आरती के साथ हुआ। आरती श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सीमा गोयल, महामंत्री विजय रोहतगी, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, अशोक गोयल, मनोज बंसल, आयुष, गिर्राज बंसल, तनु गुप्ता, प्रियंका सहित समिति के सदस्यों ने की।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, भक्ति, प्रेम और सदाचार का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को शाम 6:30 बजे बल्केश्वर चौराहे से गौशाला प्रांगण तक नंद सखा की भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसके बाद लीला मंच पर नंदोत्सव लीला का मंचन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियों में गोकुल में मनाए गए उत्सव का मनोहारी चित्रण किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से सवारी और मंचीय लीला में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।
कंस के अत्याचार से शुरू हुई भगवान के अवतरण की कथा
स्वामी हरिगोविंद जी महाराज के शिष्य स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज के श्री रस बिहारी कृपा सेवक ट्रस्ट, वृंदावन के निर्देशन में मंचीय लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला का प्रारंभ कंस द्वारा अपनी बहन देवकी और वासुदेव के विवाह से हुआ। विवाह के बाद कंस स्वयं रथ हांककर बहन को विदा करने चला, तभी आकाशवाणी हुई कि देवकी का आठवां पुत्र ही उसका काल बनेगा। यह सुनते ही कंस क्रोधित हो उठा और देवकी तथा वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया।
इसके बाद रोहिणी जी का ब्रजगमन और बलराम जी के जन्म का प्रसंग मंचित किया गया। उधर कंस के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी गौ रूप धारण कर देवताओं के साथ क्षीरसागर पहुंची और भगवान विष्णु से अपनी पीड़ा व्यक्त की। देवताओं ने स्तुति कर भगवान से यदुवंश में अवतार लेने की प्रार्थना की। भगवान विष्णु ने वासुदेव के यहां श्रीकृष्ण के रूप में जन्म लेने का आश्वासन दिया।
देवकी की संतानों का वध देख भावुक हुए श्रद्धालु
लीला में नारद जी का कंस के दरबार में पहुंचना, कंस का देवकी की छह संतानों की हत्या करना और उसके बढ़ते अत्याचारों का दृश्य प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य से पूर्व मथुरा में व्याप्त भय और आतंक को कलाकारों ने अपने अभिनय से जीवंत कर दिया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की सुंदर झांकी सजाई गई। कारागार में वासुदेव-देवकी के समक्ष भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। वासुदेव जी द्वारा नवजात श्रीकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना पार गोकुल ले जाने का प्रसंग मंचित हुआ। मार्ग में आने वाले चमत्कार, यमुना का रास्ता देना और नंद बाबा के घर कन्या को लाकर रखना जैसे दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
योगमाया ने कंस को कराया उसके अंत का आभास
लीला के अगले प्रसंग में पहरेदारों द्वारा कन्या जन्म का समाचार कंस तक पहुंचाना और कंस का कन्या का वध करने के लिए कारागार पहुंचना दिखाया गया। जैसे ही कंस ने कन्या को मारने का प्रयास किया, योगमाया उसके हाथों से छूटकर आकाश में प्रकट हुईं और अष्टभुजा देवी के दिव्य स्वरूप में दर्शन देते हुए भविष्यवाणी की कि उसका काल जन्म ले चुका है। यह दृश्य देखकर कंस भयभीत और विचलित हो उठा। अंत में कंस द्वारा अपने किए पर पश्चाताप करते हुए देवकी और वासुदेव से क्षमा याचना करने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया।