संस्कार भारती आगरा पश्चिम ‘प्रताप’ का कलासाधक सम्मान समारोह, कला-संस्कृति के साधकों का हुआ सम्मान; राष्ट्रप्रेम, भक्ति और भारतीय परंपराओं के रंगों से सजी सांस्कृतिक संध्या
आगरा। साहित्य, संगीत, नृत्य, नाटक और ललित कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय सरोकारों को समर्पित संस्कार भारती आगरा पश्चिम ‘प्रताप’ शाखा का कलासाधक सम्मान समारोह जयपुर हाउस स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न कला विधाओं से जुड़े साधकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। ‘स्वर्णिम भारत’ थीम पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात कवयित्री एवं गीतकार जूली अग्रवाल ने राष्ट्रप्रेम, भक्तिरस और सुगम संगीत के फिल्मी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। ललित कला संस्थान के पंडित देवाशीष गांगुली और उनकी 19 सदस्यीय टीम ने गीत, संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से समारोह को बहुआयामी सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया।

समारोह का उद्घाटन करते अतिथिगण।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, समिति अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सुपारी और महानगर अध्यक्ष राजीव द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंजीनियर नीरज अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।
कार्यकर्ताओं का सम्मान संगठन को देता है नई ऊर्जा
समिति अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सुपारी ने कहा कि किसी भी संगठन की मूल पूंजी उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह ही संगठन को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ऊर्जा प्रदान करता है। प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी लोभ, लालच, आकर्षण और व्यक्तिगत इच्छा से मुक्त होकर संगठन के लिए कार्य करता है। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं का समय-समय पर सम्मान करना संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए आवश्यक है।
विभिन्न विधाओं के कलासाधकों को किया सम्मानित
समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष सुशील कपूर, सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल, मेला प्रभारी श्याम तिवारी, मेला संयोजक राजीव सिंघल तथा मेला सह-संयोजक नीता गर्ग, अमित अग्रवाल और शुभांशु गर्ग ने विभिन्न कला विधाओं से जुड़े साधकों को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी, डॉ. दिनेश शर्मा, इंजीनियर सुरेश चंद्र अग्रवाल, जेठा भाई, नवीन गौतम, नितिन अरोड़ा, आशीष जैन, दीपक गर्ग, छीतरमल गर्ग और शुभम अग्रवाल शामिल रहे। इसके अलावा एडीजे प्रदीप मिश्रा, मधुबनी चित्रकार मीनाक्षी मिश्रा अंजली, मंचीय कला प्रमुख नीरज अग्रवाल, संगीत क्षेत्र से श्याम तिवारी, साहित्य से आशीष जैन, राकेश पाठक और राजीव सिंघल, नाटक विधा से शुभांशु गर्ग, अमित अग्रवाल, ओम स्वरूप गर्ग और छीतरमल गर्ग तथा नृत्य विधा से नीता गर्ग को सम्मानित किया गया।
गायन के क्षेत्र में अमित बंसल, संगीत के क्षेत्र में राजीव द्विवेदी, सुरेश चंद्र अग्रवाल और नवीन गौतम को सम्मान मिला। साहित्य एवं अन्य कलात्मक विधाओं में अमित बंसल, कैलीग्राफी विशेषज्ञ डॉ. रूपाली खन्ना, कैरिकेचर प्रमुख रश्मि सिंह, ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आभा सिंह, कवि बृज बिहारी लाल, बिरजू, प्रभु दत्त उपाध्याय, राकेश शर्मा दद्दू, राकेश कुलश्रेष्ठ, मीना शर्मा और अभिषेक गर्ग सहित अन्य कलासाधकों का सम्मान किया गया।
19 सदस्यीय टीम ने प्रस्तुतियों से बांधा समां

ललित कला संस्थान के पंडित देवाशीष गांगुली के नेतृत्व में आई 19 सदस्यीय टीम ने गीत-संगीत और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। वहीं जूली अग्रवाल की राष्ट्रप्रेम और भक्तिरस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह के ‘स्वर्णिम भारत’ विषय को सांगीतिक अभिव्यक्ति दी। सुगम संगीत और लोकप्रिय फिल्मी गीतों के माध्यम से उन्होंने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया।
समारोह में अनिल होतचंदानी, रमेश चंद्र अग्रवाल नामक वाले, गौरव जिंदल, देवेंद्र शर्मा, श्याम सुंदर अग्रवाल, डॉ. ऋषि महाजन, महेंद्र खंडेलवाल, सुरेश चंद्र अग्रवाल जेंगारा वाले, राजकुमार अग्रवाल, रवि नारंग (होली लाइट पब्लिक स्कूल), सीए अंकुर अग्रवाल, सीए अंकुर जैन, सीए निमिषा जैन और सीए कुशाग्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से संस्कार भारती ने कला साधकों के योगदान को सम्मान देने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता के संदेश को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया।