प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और राष्ट्रसेवा की कामना के लिए आगरा में नौ दिवसीय महायज्ञ, सांसद नवीन जैन करा रहे श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए असीम शक्ति एवं विवेक प्राप्त हो, इस मंगलकामना के साथ राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आगरा में नौ दिवसीय देश शांति एवं विश्व शांति महायज्ञ और श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन होने जा रहा है। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर 17 से 25 नवंबर 2026 तक पीएनसी परिवार की ओर से कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक में मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा।
आयोजन में भगवान महावीर स्वामी के चरणों में प्रार्थना की जाएगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रकल्याण और देशवासियों की सेवा के लिए निरंतर शक्ति, सामर्थ्य और विवेक प्राप्त हो। साथ ही देश को प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संकटों से सुरक्षित रखने, हिंसा एवं वैमनस्य समाप्त करने तथा समाज में शांति, प्रेम, भाईचारे और सद्भाव स्थापित करने की कामना की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, विपक्षी दलों में भी सद्बुद्धि और राष्ट्रहित की भावना जागृत होने तथा राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रार्थना की जाएगी।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन और पीएनसी परिवार इस अनुष्ठान के माध्यम से देश की सुरक्षा, विकास और वैश्विक शांति की मंगलकामना भी करेंगे। भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, संयम और अपरिग्रह के सिद्धांतों को अपनाकर मानवता और परस्पर सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजक परिवार के मुखिया प्रदीप जैन ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश पूरी मानवता को अहिंसा, प्रेम, शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
वैभव जैन ने बताया कि महाआयोजन की पूर्व बेला में सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 7:30 बजे श्री सर्वोतोभद्र जिनालय से तीन श्री जिनबिंबों का बैंड-बाजों और भक्तिमय वातावरण में भव्य आगमन होगा। सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालु इन्हें लेकर श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-19, कमला नगर पहुंचेंगे, जहां विधि-विधान से विराजमान कराया जाएगा। मंदिर परिसर में भगवान की दिव्य गंधकुटी और भव्य पंडाल भी सजाया गया है।
17 नवंबर को घटयात्रा और रथयात्रा से शुभारंभ
मंगलवार, 17 नवंबर को सुबह 7:30 बजे घटयात्रा, रथयात्रा एवं भव्य शोभायात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद मंच उद्घाटन, दीप प्रज्वलन, चित्र अनावरण और पूज्य मुनिराज के मंगल प्रवचन होंगे। 25 नवंबर तक प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और विधान की आराधना होगी।
प्रेस वार्ता में आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, आगरा दिगंबर जैन शिक्षा समिति के ट्रस्टी मनोज जैन बाकलीवाल, अनिरुद्ध जैन, कार्यक्रम संयोजक अनुज जैन क्रांति एवं यशपाल जैन, सुभाष जैन, नरेश जैन और सीए विजय गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।