कमला नगर के शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में गूंजे भगवान आदिनाथ के जयकारे, घटयात्रा और रथयात्रा के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ

आगरा। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर कमला नगर स्थित शालीमार एन्क्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को दस दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। 16 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन के प्रथम दिन भगवान आदिनाथ की भव्य पालकी यात्रा, घटयात्रा और रथयात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, धर्मध्वजाओं और भगवान के जयकारों से पूरा शालीमार एन्क्लेव क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Nov 16, 2026 - 22:51
 0
कमला नगर के शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में गूंजे भगवान आदिनाथ के जयकारे, घटयात्रा और रथयात्रा के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ
कमला नगर के शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में में प्रारंभ हुए श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत सोमवार को निकली रथयात्रा की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार सुबह 8:30 बजे मंदिर परिसर से भगवान आदिनाथ की पालकी यात्रा एवं घटयात्रा के साथ हुआ। बैंड-बाजों और धार्मिक ध्वजाओं के साथ निकली यात्रा शालीमार एन्क्लेव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव से शामिल हुए। श्रीजी को रथ पर विराजमान कर यात्रा में ले चलने का सौभाग्य आशीष जैन (पीएनसी) को प्राप्त हुआ।

यात्रा के समापन के बाद मंदिर में भगवान आदिनाथ का विधि-विधान से अभिषेक और शांतिधारा संपन्न कराई गई। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगल कामना की।

बाल ब्रह्मचारी मनोज भैया एवं मधुर भैया (ललितपुर) के कुशल निर्देशन में विधान के प्रथम दिन की सभी मांगलिक एवं धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। मंत्रोच्चार, धार्मिक भजनों और भक्तिमय संगीत से मंदिर परिसर का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने विधान में अर्घ्य समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की।

आयोजन के दौरान आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का सान्निध्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक आकर्षण रहा। दस दिनों तक चलने वाले इस विधान में धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना और विश्व शांति महायज्ञ के माध्यम से धर्म एवं आध्यात्मिकता का संदेश दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, मुकेश बिटुमिन, निर्मल मोठया, मुकेश रपरिया, संजीव बेनरा, राजेश बेनरा, जगदीश प्रसाद, अनंत जैन, अनिल अहिंसा, अनिल पेपर और मनोज जैन सहित कमला नगर जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor