गोवर्धन में ब्रज की स्वच्छता के लिए 271 स्वयंसेवकों ने श्रमदान के साथ लिया दिव्य और सुंदर ब्रज बनाने का संकल्प

गोवर्धन। ब्रज की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से रविवार को गोवर्धन में ब्रज वैभव अभियान के तहत स्वच्छता एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, स्थानीय निकाय और हार्टफुलनेस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में दानघाटी मंदिर के निकट माहेश्वरी भवन में आयोजित अभियान में 15 स्थानों से पहुंचे 271 स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छ और सुंदर ब्रज बनाने का संदेश दिया।

Nov 17, 2026 - 05:22
 0
गोवर्धन में ब्रज की स्वच्छता के लिए 271 स्वयंसेवकों ने श्रमदान के साथ लिया दिव्य और सुंदर ब्रज बनाने का संकल्प
गोवर्धन में स्वच्छता अभियान चलाने वाले स्वयंसेवक।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन ध्यान सत्र से हुआ। इसके बाद विभिन्न स्थानों से आए स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से ब्रजभूमि की पवित्रता, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। अभियान के दौरान ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ का संदेश भी दिया गया।

हार्टफुलनेस संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ब्रज की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का संरक्षण करना है। ध्यान, योग और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को आंतरिक शांति के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी इसकी प्रमुख मंशा है।

अभियान में आगरा, सहारनपुर, दिल्ली, इगलास, हाथरस, मथुरा, छाता, सहर, गोवर्धन, राधाकुंड, जयपुर, भरतपुर, डीग, बहज और जबलपुर सहित 15 स्थानों से पहुंचे 271 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। आयोजकों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor