रूप राम मेमोरियल बैडमिंटन खिताब पर अंकुश जैन-अंकित खंडेलवाल का कब्जा, 17 से 84 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

आगरा। उमा विहार बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित रूप राम मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंकुश जैन और अंकित खंडेलवाल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। कर्नल (सेवानिवृत्त) डॉ. सी. के. सिंह और नवनीत वर्मा की जोड़ी उपविजेता रही। प्रतियोगिता में 17 से 84 वर्ष तक की आयु के 14 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डबल्स के कुल 21 मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से खेल भावना, आपसी सौहार्द और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की खेलों में सहभागिता का संदेश दिया गया।

Nov 18, 2026 - 21:14
 0
रूप राम मेमोरियल बैडमिंटन खिताब पर अंकुश जैन-अंकित खंडेलवाल का कब्जा, 17 से 84 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रूप राम मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजक और प्रतिभागी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह सात बजे हुआ। इससे पहले सुबह 6:45 बजे सभी खिलाड़ियों ने स्वर्गीय रूप राम यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इसके बाद कर्नल (सेवानिवृत्त) डॉ. सी. के. सिंह ने संक्षिप्त उद्बोधन में स्व. रूप राम यादव के योगदान का स्मरण करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता के निर्धारित ड्रॉ के अनुसार केवल डबल्स मुकाबले आयोजित किए गए। कुल 14 खिलाड़ियों ने विभिन्न जोड़ियों में हिस्सा लिया और उनके बीच 21 मैच खेले गए। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का परिचय दिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अंकुश जैन और अंकित खंडेलवाल की जोड़ी विजेता तथा डॉ. सी. के. सिंह और नवनीत वर्मा की जोड़ी उपविजेता घोषित की गई।

प्रतियोगिता में प्रो. कर्नल (सेवानिवृत्त) डॉ. सी. के. सिंह, कर्नल नितिन सिंह, कल्याण दास अग्रवाल, डॉ. शांतनु कुमार साहू, नवनीत वर्मा, अंकुश जैन, निशांत, पी. के. गुप्ता, भरत, दिव्यांश, सौरभ, रवींद्र शर्मा, अंकित खंडेलवाल और वंश सहित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता जोड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के आयोजक के. डी. अग्रवाल रहे। संजीव मिलन ने मैच रेफरी की जिम्मेदारी संभाली।

SP_Singh AURGURU Editor