चेन्नई के राष्ट्रीय वायु सैनिक कैंप में आगरा कॉलेज के कैडेट्स ने बढ़ाया मान, 45 दिन के कठिन प्रशिक्षण के बाद लौटने पर हुआ स्वागत
आगरा। चेन्नई के ताम्बरम में आयोजित प्रतिष्ठित अखिल भारतीय वायु सैनिक कैंप में प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आगरा कॉलेज के एनसीसी एयर विंग के पांच कैडेट्स का महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। 45 दिनों के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और परिश्रम के बाद लौटे इन कैडेट्स को प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन कर आगरा कॉलेज के साथ शहर का भी गौरव बढ़ाया है।
सम्मानित होने वाले कैडेट्स में कैडेट कॉर्पोरल रिषभ सिंह, लीडिंग फ्लाइट कैडेट हर्ष बघेल, कैडेट कॉर्पोरल दीक्षा यादव, लीडिंग फ्लाइट कैडेट काजल अग्रवाल और लीडिंग फ्लाइट कैडेट श्रेया शामिल हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कैडेट्स की लगन और कठिन परिश्रम सराहनीय है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करने और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एनसीसी एयर विंग के अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा, एनसीसी आर्मी विंग के अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रभारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने कैडेट्स की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। आगरा कॉलेज परिवार ने भी कैडेट्स के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।