फतेहपुर सीकरी ब्रांच टूटने से गोबरा गांव में तबाही, 60 बीघा फसल जलमग्न, किसानों में आक्रोश
आगरा के गोबरा गांव में फतेहपुर सीकरी शाखा टूटने से करीब 60 बीघा फसल पानी में डूब गई। घटना से किसानों में आक्रोश है। विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट भेजने तथा प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
नहर का पानी खेतों में घुसने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका, विधायक प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, अधिकारियों को सर्वे कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश
आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के गांव गोबरा में फतेहपुर सीकरी शाखा टूटने से किसानों पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा। शाखा से निकला पानी आसपास के खेतों में भर जाने के कारण करीब 60 बीघा कृषि भूमि में खड़ी फसल जलमग्न हो गई। अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। घटना के बाद प्रभावित किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने फसल के नुकसान को लेकर चिंता जताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलमग्न खेतों का निरीक्षण कर प्रभावित किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने उन्हें बताया कि शाखा टूटने से खेतों में पानी भर गया है, जिससे उनकी मेहनत और लागत पर संकट खड़ा हो गया है।
डॉ. रामेश्वर चौधरी ने मौके से ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र का जल्द से जल्द निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र भेजी जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सर्वे में किसी भी प्रभावित किसान का नुकसान छूटना नहीं चाहिए। किसानों को हुए नुकसान का निष्पक्ष और सही आकलन किया जाए, ताकि उन्हें राहत दिलाने के लिए मुआवजे की राशि समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
डॉ. चौधरी ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार हो रही फसलें जलमग्न होने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है कि नुकसान का आकलन करने में देरी न हो और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए। फिलहाल किसानों को सर्वे और मुआवजे की कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों की मांग है कि शाखा टूटने के कारणों की भी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।