बरेली में 65 विश्वविद्यालयों की टेबल टेनिस टीमें भिड़ेंगी, 350 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 18 नवंबर से अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता का आगाज

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बुधवार से उत्तर क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालय पुरुष टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रोमांच शुरू होगा। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 65 विश्वविद्यालयों की टीमें और करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 18 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में कुल 68 मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन समारोह बुधवार सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा, जिसमें कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय मुख्य अतिथि होंगे।

Nov 17, 2026 - 21:03
 0
बरेली में 65 विश्वविद्यालयों की टेबल टेनिस टीमें भिड़ेंगी, 350 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 18 नवंबर से अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता का आगाज
बरेली में के विवि में 18 नवम्बर से होने जा रहीं अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता के बारे में बताते आयोजन सचिव डॉ. संदीप कुमार और अन्य।

आयोजन सचिव डॉ. संदीप कुमार ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू और उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। तीन दिनों के मुकाबलों में पहले दिन 30, दूसरे दिन 24 और तीसरे दिन 14 मैच खेले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि एआईयू की ओर से पर्यवेक्षक डॉ. कुलदीप धाका आयोजन की व्यवस्थाओं और प्रतियोगिता के संचालन की निगरानी करेंगे। एआईयू के निर्धारित नियमों के अनुसार टीमों को पूल में विभाजित किया गया है। इसके बाद खिलाड़ी अगले चरणों में अपनी जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों से आने वाले खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के स्वागत तथा आवासीय एवं खेल संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

SP_Singh AURGURU Editor