अखिलेश यादव के न्यूनतम मजदूरी वाले बयान पर आगरा के जूता कारोबारियों का पलटवार, बोले- कारीगरों के हुनर और स्वाभिमान को कमतर न आंकें
आगरा। आगरा के जूता कारीगरों को न्यूनतम मजदूरी दिए जाने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन ने कड़ा विरोध जताया है। फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा ने कहा कि आगरा के जूता उद्योग की कार्यप्रणाली अन्य उद्योगों से अलग है। यहां कारीगरों को उनकी कुशलता, काम की प्रकृति और तैयार किए जाने वाले अलग-अलग कंपोनेंट्स, आर्टिकल्स एवं डिजाइन के आधार पर मजदूरी मिलती है। ऐसे में उद्योग की वास्तविक स्थिति समझे बिना न्यूनतम मजदूरी की बात करना कारीगरों के हुनर और स्वाभिमान को कमतर आंकने जैसा है।
हींग की मंडी स्थित फैडरेशन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विजय सामा ने कहा कि कुशल कारीगर अपनी दक्षता और मेहनत के आधार पर मजदूरी अर्जित करते हैं। ऐसी व्यवस्था लागू करने से उन्हें आर्थिक नुकसान हो सकता है और उनके स्वाभिमान को भी ठेस पहुंच सकती है। उन्होंने सवाल किया कि यदि अखिलेश यादव को जूता कारीगरों और उद्योग की इतनी चिंता है तो अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने इनके हित में कौन-सी ठोस व्यवस्था की थी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का वक्तव्य देने से पहले कारीगरों, निर्माताओं और उद्योग से जुड़े लोगों से संवाद करना चाहिए।
विजय सामा ने कहा कि अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में आगरा के जूता उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल में 300 रुपये तक के जूतों को करमुक्त करने का फैसला लिया गया था, जिसका फैडरेशन ने स्वागत किया था। वर्तमान प्रदेश सरकार ने आगरा के जूते को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में प्रमुखता से शामिल कर उद्योग को नई पहचान और प्रोत्साहन दिया। आगरा के जूते को जीआई टैग मिलना भी उसकी विशिष्ट पहचान और विरासत को मान्यता देने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि जूतों पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत निर्धारित किए जाने के समय फैडरेशन ने यह मुद्दा प्रदेश सरकार के सामने उठाया था। इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जूतों पर जीएसटी की दर पांच प्रतिशत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामा ने कहा कि उद्योग और कारीगरों के हितों की रक्षा जरूरी है, लेकिन उनके हुनर, मेहनत और स्वाभिमान की अनदेखी करके कोई नीति या बयान नहीं दिया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में फैडरेशन के कोषाध्यक्ष दलप्रीत सिंह, मुख्य वक्ता अजय महाजन, संरक्षक प्रमोद जैन, चांद दीवान, अनिल लाल अरोरा, विक्की कपूर, संजय अरोड़ा, बाबू भाई, रवि महाजन, सुनील विज, हरीश भाई, पिंकी नारंग, विजय, कालू मेहरा, किशन लाल, राजेश शुभनीत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।