बल्केश्वर में जीवंत हुईं कान्हा की बाल लीलाएं, माखन चोरी में गूंजा ‘मैया मोरी, मैं नहीं माखन खायौ’
बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में श्री कृष्ण लीला महोत्सव के दौरान माखन चोरी और कालीदह लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कान्हा की बाल लीलाओं ने श्रद्धालुओं को ब्रज की भक्ति और संस्कृति से जोड़ दिया। बुधवार को महोत्सव में पहली बार भीष्म प्रतिज्ञा लीला का मंचन होगा। वहीं, आतिशबाजी और पुतला दहन के बावजूद अग्निशमन विभाग की गाड़ी नहीं पहुंचने पर समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने नाराजगी जताई और किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए।
कालीदह लीला में कालिया नाग के फनों पर थिरके मुरलीधर, बुधवार को पहली बार होगा भीष्म प्रतिज्ञा का मंचन, अग्निशमन विभाग की गाड़ी नहीं पहुंचने पर समिति अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
आगरा। कभी गोपियों की मटकी से माखन चुराते नटखट कन्हैया, तो कभी अपनी मोहिनी मुस्कान से सबका मन हर लेते बाल गोपाल... भगवान श्रीकृष्ण की इन्हीं अलौकिक बाल लीलाओं ने मंगलवार को गौशाला प्रांगण, बल्केश्वर में द्वापर युग के ब्रज की सजीव अनुभूति करा दी। श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित ऐतिहासिक श्री कृष्ण लीला महोत्सव में माखन चोरी और कालीदह लीला का भावपूर्ण मंचन हुआ। 'मैया मोरी, मैं नहीं माखन खायौ' के मधुर स्वर गूंजे तो श्रद्धालु वात्सल्य और भक्ति के रस में डूब गए। वहीं कालिया नाग के फनों पर नृत्य करते मुरलीधर के दिव्य स्वरूप ने अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
माखन चोरी लीला में भगवान श्रीकृष्ण अपने ग्वाल-बाल सखाओं के साथ ब्रजवासियों के घरों में माखन चुराने पहुंचते हैं। कभी मटकी फोड़कर माखन खाते तो कभी गोपियों के हाथों पकड़े जाने पर अपनी भोली सूरत से उन्हें निरुत्तर कर देते। गोपियां माता यशोदा से कान्हा की शिकायत करती हैं, लेकिन नटखट कन्हैया अपनी चतुराई से हर बार बच निकलते हैं। इस प्रसंग में लोकप्रिय पद 'मैया मोरी, मैं नहीं माखन खायौ, ग्वाल-बाल सब बैर परे हैं, बरबस मुख लिपटायौ' के भावपूर्ण गायन और अभिनय ने दर्शकों को खूब आनंदित किया।
इसके बाद कालीदह लीला का मंचन हुआ। यमुना में कालिया नाग के विष से ब्रजवासी भयभीत थे। भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना में छलांग लगाकर कालिया नाग का दमन किया और उसके फनों पर नृत्य कर ब्रजवासियों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। इस प्रसंग ने अधर्म पर धर्म की विजय और भगवान की भक्तवत्सलता का संदेश दिया।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला में जीवन के लिए कोई न कोई संदेश छिपा है। माखन चोरी लीला भगवान के बाल स्वरूप की निश्छलता और प्रेम का प्रतीक है, वहीं कालीदह लीला बुराई और अहंकार के अंत का संदेश देती है। समिति का प्रयास है कि श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को ब्रज की संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराया जाए।
स्वरूपों की आरती अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, संजय गुप्ता, प्रशांत जैन,महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, पंकज शास्त्री विजय रोहतगी, शेखर गोयल, मनोज अग्रवाल, मनोज बंसल, विष्णु अग्रवाल, विनीत सिंघल, मनीष शर्मा, ब्रजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, आयुष अग्रवाल द्वारा की गई।
बुधवार को पहली बार होगा भीष्म प्रतिज्ञा लीला का मंचन
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को महोत्सव में पहली बार भीष्म प्रतिज्ञा लीला का मंचन किया जाएगा। महाभारत युद्ध के प्रसंग में दुर्योधन द्वारा भीष्म पितामह से सेनापति पद छोड़ने और कर्ण को सेनापति बनाने की बात कहने पर भीष्म पितामह भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूपों का वर्णन करेंगे। वे दुर्योधन को समझाएंगे कि जब तक पांडवों के साथ स्वयं भगवान श्रीकृष्ण हैं, तब तक कौरवों की विजय संभव नहीं है। इसके बाद भीष्म पितामह अगले दिन के युद्ध में पांडवों की सेना को समाप्त करने की प्रतिज्ञा करेंगे। इस महत्वपूर्ण प्रसंग का पहली बार मंचन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
अग्निशमन विभाग का असहयोग, अध्यक्ष में जताया रोष
श्री कृष्ण लीला में सोमवार को आतिशबाजी और पुतला दहन आरंभ हो चुका है। सोमवार को पूतना वध लीला हुई थी जिसमें आतिशबाजी के साथ पुतला दहन हुआ था। अग्निशमन विभाग को पत्र भेजने के बावजूद एक भी गाड़ी लीला स्थल पर अभी तक नहीं भेजी गई है। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने रोष जताते हुए कहा कि प्रतिदिन आतिशबाजी और पुतला दहन की लीला हो रही है। आने वाले समय में भी अन्य वृहद स्तर पर आतिशबाजी होगी। अग्निशमन विभाग को पत्र भिजवाने के बावजूद भी अभी तक एक भी गाड़ी लीला स्थल पर नहीं पहुंची है। यदि किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो उसके लिए जिम्मेदार कौन होगा।