आईवीआरआई में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस शुरू, परजीवी जनित रोगों से मुकाबले के लिए आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का मेल जरूरी: डॉ. पाठक, देशभर के 250 से अधिक वैज्ञानिकों की सहभागिता, लाइफटाइम अचीवमेंट सहित विभिन्न पुरस्कारों से वैज्ञानिक सम्मानित
-आरके सिंह- बरेली। पशुओं में परजीवी जनित रोगों के प्रभावी नियंत्रण और दवा प्रतिरोध की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के साथ पारंपरिक ज्ञान का समन्वय जरूरी है। आणविक जीवविज्ञान, जीनोमिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल अनुसंधान से जोड़कर ही पशुधन स्वास्थ्य और उत्पादकता में सुधार किया जा सकता है। यह बात भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) एवं मथुरा वेटरनरी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. के.एम.एल. पाठक ने मंगलवार को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन अवसर पर कही। तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के 250 से अधिक वैज्ञानिक, शिक्षाविद, पशु चिकित्सक, शोधार्थी और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
आईसीएआर-आईवीआरआई के पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान विभाग की ओर से भारतीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान उन्नयन संघ (आईएएवीपी) के तत्वावधान में 17 से 19 नवंबर तक एनसीवीपी-2026 आयोजित की जा रही है। मुख्य अतिथि डॉ. पाठक ने कहा कि परजीवियों में दवा प्रतिरोध वैश्विक चुनौती बन रहा है। इससे निपटने के लिए कम लागत वाली, अधिक संवेदनशील और क्षेत्रीय परिस्थितियों के अनुकूल रोग निदान तकनीकें विकसित करनी होंगी। प्रभावी टीकों, औषधीय पौधों पर आधारित हर्बल उत्पादों और नवीन उपचार पद्धतियों पर भी अनुसंधान जरूरी है। उन्होंने वन हेल्थ की अवधारणा के तहत वन्यजीव परजीवी विज्ञान, वाहक पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय कारकों के अध्ययन पर जोर दिया।
उन्होंने आईवीआरआई के पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि विभाग ने परजीवी जनित रोगों की पहचान, अनुसंधान, टीका विकास, वैज्ञानिक प्रशिक्षण तथा पशुधन स्वास्थ्य एवं उत्पादकता सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आधुनिक तकनीकें पारंपरिक वैज्ञानिक ज्ञान का विकल्प नहीं, बल्कि उसे अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम हैं।
विशिष्ट अतिथि शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू के पूर्व अधिष्ठाता प्रो. राजेश कटोच ने कहा कि कृषि और पशुपालन में विकसित तकनीकों का वास्तविक लाभ तभी है, जब वे किसानों तक पहुंचें। वैज्ञानिकों को प्रयोगशालाओं से बाहर निकलकर किसानों की समस्याएं समझनी चाहिए। उन्होंने कम लागत वाली तकनीकों, स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान के उपयोग के साथ पशु कल्याण पर भी जोर दिया। उन्होंने विभिन्न कृषि-पारिस्थितिक क्षेत्रों में किसान-केंद्रित परजीवी प्रबंधन एवं निदान केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया।
इंडियन एसोसिएशन फॉर द एडवांसमेंट ऑफ वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी (आईएएवीपी) के अध्यक्ष डॉ. ए. संगारन ने कहा कि आईवीआरआई विश्व के प्रतिष्ठित पशु चिकित्सा अनुसंधान एवं शिक्षण संस्थानों में शामिल है। एसोसिएशन की स्थापना 15 अप्रैल 1986 को पटना में हुई थी। इसका उद्देश्य पशु परजीवी विज्ञान में अनुसंधान, शिक्षा और विस्तार गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, संयुक्त अनुसंधान और संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापनों के माध्यम से नेटवर्क मजबूत करने की जरूरत बताई। जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में वृद्धि को परजीवी जनित रोगों के प्रसार को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण कारक बताते हुए उन्होंने एकीकृत रोग नियंत्रण और वन हेल्थ दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
आईसीएआर-आईवीआरआई के संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) डॉ. एस.के. सिंह ने देशभर से आए वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पशु स्वास्थ्य और वैज्ञानिक अनुसंधान में परजीवी विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उभरती चुनौतियों के समाधान के लिए वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों के बीच सहयोग तथा विचारों का आदान-प्रदान आवश्यक है। आयोजन सचिव डॉ. हीरा राम ने कहा कि परजीवी विज्ञान का संबंध केवल पशु स्वास्थ्य और उत्पादन से नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन से भी है। संगोष्ठी में उन्नत रोग निदान, आणविक एवं जीनोमिक्स अनुसंधान, परजीवी जीवविज्ञान, औषधि प्रतिरोध और टिकाऊ रोग नियंत्रण रणनीतियों पर चर्चा होगी।
वैज्ञानिकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया
उद्घाटन समारोह में परजीवी विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वैज्ञानिकों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, फेलोशिप और विभिन्न वैज्ञानिक पुरस्कार प्रदान किए गए। आईवीआरआई के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जेम्मी राघवेन्द्र राव को प्रतिष्ठित डॉ. स्टीफन के. विकेल आईएएवीपी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया।
आईएएवीपी फेलो अवार्ड से मद्रास वेटरनरी कॉलेज, चेन्नई के प्रो. श्रीकुमार चिरुकंदोथ, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के डीन प्रो. अनीश यादव तथा केरल वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, वायनाड के डॉ. रेघु रविंद्रन को सम्मानित किया गया।
अन्य पुरस्कारों में एसकेयूएएसटी-कश्मीर के डॉ. इदरीस मेहराज अल्लाई को श्री एस.एम. इस्माइल ओरशन अवार्ड, आईसीएआर-आईवीआरआई के डॉ. बी.सी. सरवनन को श्रीमती निशामणि परीजा ओरशन अवार्ड, डॉ. विक्रांत सूडान एवं डॉ. के.पी. श्यामा को डॉ. डी.पी. बनर्जी ओरशन अवार्ड, डॉ. गजानन एम. चिगुरे को डॉ. कल्याणसुंदरम ओरशन अवार्ड तथा डॉ. अजित कुमार के.जी. को डॉ. एन.एस. रुप्राह ओरशन अवार्ड प्रदान किया गया।
बिहार वेटरनरी कॉलेज, पटना के डॉ. अजीत कुमार को 25वां एनसीवीपी-एमवीसी मिड-कैरियर एक्सीलेंस अवार्ड, ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, भुवनेश्वर की डॉ. मानसविनी देहुरी को आईएएवीपी महिला वैज्ञानिक पुरस्कार, महाराष्ट्र पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के डॉ. गोपाल पी. भारकड़ को डॉ. वीर सिंह राठौर एमिनेंट साइंटिस्ट अवार्ड तथा केरल वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी की डॉ. बिंदु लक्ष्मणन को डॉ. बी.पी. पांडे बेस्ट टीचर अवार्ड दिया गया।
आईसीएआर-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार के डॉ. राजिंदर कुमार को सुश्री अल्पना सान्याल बेस्ट लीड पेपर अवार्ड तथा लुवास, करनाल के डॉ. बिस्वा रंजन महाराणा को पशु चिकित्सा प्रोटोजूलॉजी में उत्कृष्टता के लिए डॉ. ए. अशोक के. मिश्रा मेमोरियल रिसर्च पेपर अवार्ड मिला।
वर्ष 2025 में जर्नल ऑफ वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी में प्रकाशित शोधपत्रों के लिए भी पुरस्कार दिए गए। के. धनदापानी, जी. पोनुदुरई, एन. रानी, जी. सेल्वराजू एवं पी. पोनुसामी के शोधपत्र को डॉ. वी.एस. अलवर मेमोरियल अवार्ड तथा आर.आर. अहांगर, राजेश गोदारा, कैफा नाजिम, अनीश यादव एवं राजेश कटोच के शोधपत्र को आईएएवीपी बेस्ट पेपर अवार्ड-2025 प्रदान किया गया। समारोह में डॉ. जे.आर. राव, डॉ. एस. सामंता, डॉ. बी.पी. सिंह, डॉ. एस.सी. गुप्ता, डॉ. एम.एच. खान, डॉ. ओ.के. रेना, डॉ. अरविंद प्रसाद, डॉ. अनूप तिवारी, डॉ. सुभाशीष बंधोपाध्याय और डॉ. दिनेश चन्द्र सहित परजीवी विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। आईएएवीपी के महासचिव डॉ. अनीश यादव ने एसोसिएशन की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।