आगरा की रेनू ‘अंशुल’ ने उर्मिला के मौन को दी नई आवाज, ‘अयोध्या की मौन साधिका’ में पौराणिक कथा से उठाया नारी सशक्तिकरण का सवाल

आगरा। पौराणिक कथाओं में अक्सर उपेक्षित रह जाने वाले स्त्री पात्रों को केंद्र में रखकर नारी शक्ति, आत्मसम्मान और निर्णय क्षमता की नई व्याख्या कर रहीं आगरा की साहित्यकार रेनू ‘अंशुल’ का नया उपन्यास ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ साहित्य जगत में चर्चा का विषय बना है। उनके पूर्व प्रकाशित उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ के बाद आए इस नए उपन्यास का गाजियाबाद में प्रबुद्ध साहित्यिक मंच ‘कथा रंग’ पर लोकार्पण किया गया। देश के वरिष्ठ साहित्यकारों और समीक्षकों ने कृति की सराहना करते हुए इसे रामकथा के एक उपेक्षित स्त्री पात्र को नई दृष्टि से देखने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

Nov 17, 2026 - 22:00
 0
आगरा की रेनू ‘अंशुल’ ने उर्मिला के मौन को दी नई आवाज, ‘अयोध्या की मौन साधिका’ में पौराणिक कथा से उठाया नारी सशक्तिकरण का सवाल
रेनू ‘अंशुल’ के पौराणिक उपन्यास ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ का विमोचन करते साहित्यकार। चित्र में बाएं से दूसरे अशोक मैत्रेयी, रेनू ‘अंशुल’, महेश दर्पण, बलराम, शिवनारायण, कमलेश भट्ट ‘कमल’ और आलोक यात्री।

आगरा में जन्मीं, पली-बढ़ीं और शिक्षित रेनू ‘अंशुल’ सामाजिक, मानवीय और राष्ट्रीय सरोकारों पर कहानी, लघुकथा, उपन्यास और कविता के माध्यम से लगातार लेखन कर रही हैं। उनका साहित्यिक स्वर नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित है। इससे पहले वे अहिल्या, द्रौपदी, कुंती, तारा और मंदोदरी के चरित्रों पर आधारित पौराणिक उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ लिख चुकी हैं। अब ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ के माध्यम से उन्होंने रामायण के उस चरित्र को केंद्र में रखा है, जिसकी भूमिका प्रायः लक्ष्मण की पत्नी और उनके वनवास के दौरान प्रतीक्षा करने वाली स्त्री तक सीमित कर दी जाती है। यह उपन्यास प्रलेक प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है।

गाजियाबाद में आयोजित लोकार्पण समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेयी, महेश दर्पण, बलराम, सुभाष चन्द्र, आलोक यात्री, हरियश राय और कमलेश भट्ट ‘कमल’ सहित अंशुल अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में लेखक और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। वक्ताओं और समीक्षकों ने कहा कि रेनू ‘अंशुल’ पौराणिक स्त्री पात्रों को केवल कथा के चरित्र के रूप में नहीं, बल्कि आज की नारी की शक्ति, धैर्य, त्याग और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। उर्मिला के चरित्र को केंद्र में लाकर उन्होंने रामकथा के ऐसे पक्ष को सामने रखा है, जिस पर अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई है।

अपने उपन्यास की विषयवस्तु पर रेनू ‘अंशुल’ ने कहा कि उर्मिला की कथा स्त्रियों को केवल देवी के रूप में नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली व्यक्तित्ववान स्त्री के रूप में देखने, सुनने और महसूस करने का आमंत्रण है। यह केवल अपने पति लक्ष्मण की प्रतीक्षा करती स्त्री की कहानी नहीं, बल्कि एक जागती हुई साधिका की कथा है, जो अपनी योगनिद्रा की चेतना बनकर अयोध्या का एक नया इतिहास रचती है।

रेनू ‘अंशुल’ के पति अंशुल अग्रवाल दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor