ताज प्रेस क्लब में पत्रकारों ने परिवार सहित पूरी की स्व-गणना, अब आमजन को भी करेंगे जागरूक

आगरा। जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को ताज प्रेस क्लब में आयोजित मीडिया-डे कार्यक्रम में पत्रकारों और उनके परिजनों ने आधिकारिक पोर्टल पर परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना पूरी की। जिला प्रशासन और प्रेस क्लब के संयुक्त आयोजन में पत्रकारों ने आमजन को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ने और स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Nov 18, 2026 - 22:40
 0
ताज प्रेस क्लब में पत्रकारों ने परिवार सहित पूरी की स्व-गणना, अब आमजन को भी करेंगे जागरूक
स्व गणना के लिए ताज प्रेस क्लब में मौजूद पत्रकार और प्रशासन के अधकारी।

जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने पत्रकारों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण और स्व-गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।

मास्टर ट्रेनर अजय कुमार शर्मा ने पीपीटी प्रेजेंटेशन और प्रशिक्षण के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई। उन्होंने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस दौरान जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं और जरूरी सावधानियों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के मार्गदर्शन में पत्रकारों और उनके परिजनों ने पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर मौके पर ही स्व-गणना पूरी की। अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने जनपदवासियों से 30 नवंबर तक पोर्टल पर स्व-गणना पूरी करने की अपील की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल अधिकृत जनगणना एवं सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत में ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने कहा कि पत्रकारों को स्वयं स्व-गणना कर राष्ट्रहित के इस कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए और आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र शर्मा, वरिष्ठ लिपिक तुषार, सहायक चंदन, क्लब के उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान, सचिव पीयूष शर्मा, अनिल राना, कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायन शर्मा, फरहान खान, वीरेंद्र इमल, शीतल सिंह माया, राजेश दुबे, राजेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor