शिवसेना नेता  ने  दी सफाई,  बाला साहेब ठाकरे नहीं,  मणिशंकर अय्यर की तसेवीर फाड़ी  

कांग्रेस ने सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग जर्नी ऑफ लव' के पन्ने फाड़ने के साथ बाला साहेब की फोटो फाड़ने का आरोप लगाया है। इस पर एकनाथ शिंदे और शाइना एनसी ने प्रतिक्रिया दी है।

Nov 18, 2026 - 20:49
 0
शिवसेना नेता  ने  दी सफाई,  बाला साहेब ठाकरे नहीं,  मणिशंकर अय्यर की तसेवीर फाड़ी  

नई दिल्ली।  कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने शिवसेना के शिंदे गुट पर सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग जर्नी ऑफ लव' के विरोध के दौरान बाला साहेब की फोटो फाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, 'यह जाहिल लोग सोनिया जी की किताब फाड़ने के लिए इतने उत्साहित थे कि बालासाहेब की ही फोटो फाड़ डाली। हमारी संस्कृति में किताबों में सरस्वती का वास है। जाहिलों की जमात हैं भाजपाई और उनके साथी। वैसे फाड़ने के लिए खरीदी तो होगी किताब- उसका शुक्रिया।'
 
उधर, बालासाहेब की फोटो फाड़ने के आरोप पर एकनाथ शिंदे ने कहा, 'जिन लोगों ने स्वतंत्र्यवीर सावरकर जी का अपमान किया, उन पन्नों को फाड़ रहे थे। बालासाहेब ठाकरे हमारे लिए देवता समान हैं। उनकी विचारधारा को हम आगे बढ़ा रहे हैं। उनका अपमान करना संभव ही नहीं है, कोई नहीं कर सकता है।

शाइना एनसी ने भी विवाद पर सफाई देते हुए कहा, 'वो जो फोटो है, जिसमें मणिशंकर अय्यर ने स्वतंत्र्यवीर सावरकर जी का अपमान किया, उन्हें मारने वाले बालासाहेब ठाकरे दिखाई दे रहे हैं। जो फोटो फाड़ा है, उसमें मणिशंकर अय्यर का चेहरा फटा है।'

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'मुझे दिखाओ कि मैंने हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर कहां फाड़ी या उसका अपमान किया है। जानबूझकर किसी घटना को तोड़-मरोड़ कर झूठी कहानी गढ़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेरे खिलाफ मानहानिकारक दावे फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'

शिवसेना नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़कर विरोध जताया था। इस दौरान मणिशंकर अय्यर की एक तस्वीर भी फाड़ी गई। तस्वीर में बालासाहेब ठाकरे भी नजर आ रहे थे। हालांकि, शिवसेना नेताओं ने साफ किया कि उनका विरोध मणिशंकर अय्यर से है और वे उनकी तस्वीर हजार बार फाड़ेंगे, जबकि बालासाहेब ठाकरे उनके आदर्श हैं।

संजय निरुपम ने मणिशंकर अय्यर और बालासाहेब ठाकरे से जुड़ा एक पुराना प्रसंग भी उठाया। उन्होंने कहा, 'मणिशंकर अय्यर को कांग्रेस की सरकार में जब पेट्रोलियम मंत्रालय उन्हें मिला था, सेलुलर जेल पर लगी पीतल की प्लेट हटाने की बात मणिशंकर अय्यर ने की थी। तब बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई में अय्यर के पुतले को चप्पल मारा था।'

शिवसेना नेता और प्रवक्ता शायना एनसी, संजय निरुपम, आनंद दुबे, शीतल म्हात्रे, संजना घाडी समेत अन्य नेता ने विरोध प्रदर्शन किया था। नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब के साथ-साथ कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। शिवसेना नेताओं का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। साथ ही इतिहास को भी तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पब्लिकेशन हार्परकॉलिन्स से किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखे अंशों को हटाने की मांग की।