दलित महासम्मेलन में बाधाओं को लेकर शब्बीर अब्बास का भाजपा-प्रशासन पर हमला, बोले- पोस्टर फाड़े, रास्ते रोके, अब हर बात का हिसाब मांगा जाएगा

आगरा। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने 15 नवंबर को जीआईसी मैदान में आयोजित दलित महासम्मेलन के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और कथित बाधाओं को लेकर भाजपा तथा प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय, फतेहाबाद रोड पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन को प्रभावित करने के लिए जगह-जगह पोस्टर-बैनर फाड़े गए और बाहर से आने वाले लोगों के रास्तों में बाधाएं डाली गईं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन पर आयोजित इस सम्मेलन की तैयारियों में कार्यकर्ताओं ने दो महीने तक दिन-रात मेहनत की, लेकिन प्रशासन ने सहयोग करने के बजाय कई तरह की अड़चनें पैदा कीं। पार्टी के पास इन घटनाओं के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य सुरक्षित हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा।

Nov 18, 2026 - 22:13
 0
दलित महासम्मेलन में बाधाओं को लेकर शब्बीर अब्बास का भाजपा-प्रशासन पर हमला, बोले- पोस्टर फाड़े, रास्ते रोके, अब हर बात का हिसाब मांगा जाएगा
सपा कार्यालय पर प्रेस से बात करते महानगर अध्य़क्ष शब्बीर अब्बास। साथ मौजूद हैं अन्य वरिष्ठ नेता। 

शब्बीर अब्बास ने कहा कि सांसद रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में महानगर के प्रत्येक वार्ड, गली और दलित बस्ती में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। बाइक रैलियां निकाली गईं, बैठकें की गईं और घर-घर निमंत्रण पहुंचाए गए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया था। सम्मेलन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन में आने वाले लोगों को जगह-जगह रोका गया और आवागमन में परेशानियां पैदा की गईं। उनके अनुसार, ऐसे कई वीडियो फुटेज पार्टी के पास हैं, जिनमें लोगों को रोकने और रास्तों में बाधाएं डालने की घटनाएं दिखाई देती हैं। प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर भी कई स्थानों पर फाड़े गए। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतांत्रिक तरीके से राजनीतिक कार्यक्रम का प्रचार करना क्या अपराध है? इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

अखिलेश यादव के आगमन के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर ऐसी अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को परेशानी हो। पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए था।

शहर की सफाई व्यवस्था पर निशाना साधते हुए शब्बीर अब्बास ने कहा कि आगरा जैसे ऐतिहासिक शहर में इतने बड़े आयोजन के दौरान सड़कों पर जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर दिखाई देना नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। एक ओर स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे किए जाते हैं, दूसरी ओर बाहर से आने वाले लोगों को स्वच्छ रास्ते और बेहतर यातायात व्यवस्था तक नहीं मिल पाती।

उन्होंने भाजपा नेताओं से महासम्मेलन को लेकर बयानबाजी करने के बजाय महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, दलितों पर अत्याचार और आरक्षण जैसे मुद्दों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जीआईसी मैदान का महासम्मेलन दलित समाज के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी की आवाज था। इसके आयोजन में सांसद रामजी लाल सुमन और हजारों समाजवादी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में PDA की एकजुटता मजबूत होती रहेगी। समाजवादी पार्टी संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और वंचित समाज अब अपने सम्मान और हिस्सेदारी के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा। प्रशासन और भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। जरूरत पड़ने पर पार्टी सभी साक्ष्य उचित मंच पर रखेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में जनता अपने वोट की ताकत से जवाब देगी।

SP_Singh AURGURU Editor