आईवीआरआई में पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस का समापन, वैज्ञानिकों को दोटूक संदेश- प्रयोगशालाओं से निकलकर किसानों तक पहुंचे अनुसंधान का लाभ

-आरके सिंह- बरेली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर में 17 से 19 नवंबर तक आयोजित 35वीं राष्ट्रीय पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का बुधवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर से जुटे वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, पशुचिकित्सकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने पशुधन उत्पादकता बढ़ाने, परजीवी रोगों पर नियंत्रण, वन हेल्थ, वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यावरणीय स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की। समापन समारोह में वैज्ञानिकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अनुसंधान की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ प्रयोगशालाओं और शोध पत्रों से निकलकर सीधे पशुपालकों और किसानों तक पहुंचे।

Nov 19, 2026 - 21:38
 0
आईवीआरआई में पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस का समापन, वैज्ञानिकों को दोटूक संदेश- प्रयोगशालाओं से निकलकर किसानों तक पहुंचे अनुसंधान का लाभ
आईवीआरआई बरेली में पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस के समापन समारोह के आयोजकों और प्रतिभागियों का ग्रुप फोटो।

संगोष्ठी का मुख्य विषय किसान-केंद्रित नवाचारों के माध्यम से पशुधन उत्पादकता, वन हेल्थ और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान रहा। समापन समारोह की मुख्य अतिथि आईवीआरआई की संयुक्त निदेशक एवं केडराड की प्रमुख डॉ. सोहिनी डे ने कहा कि पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य की सफलता नवाचार, आधुनिक तकनीकों और अनुसंधान के व्यावहारिक अनुप्रयोग पर निर्भर करेगी। वैज्ञानिक अनुसंधान को केवल प्रयोगशालाओं और शोध पत्रों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उसके निष्कर्ष पशुचिकित्सकों, पशुपालकों और किसानों तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था विकसित करनी होगी।

विशिष्ट अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून के वरिष्ठ भारतीय वन सेवा अधिकारी एवं वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. एम. सुधाकर ने वन्यजीव संरक्षण, वन्यजीव स्वास्थ्य प्रबंधन और पशुचिकित्सा विज्ञान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों, घरेलू पशुओं, मनुष्यों और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा है। इसलिए वन्यजीवों में रोगों और परजीवी संक्रमणों की रोकथाम के लिए एकीकृत दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।

उन्होंने वन विभाग, अनुसंधान संस्थानों और पशुचिकित्सा विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संयुक्त निगरानी, रोग निदान और आंकड़ों के आदान-प्रदान पर जोर दिया। डॉ. सुधाकर ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण का अर्थ केवल उनकी संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, प्राकृतिक आवास, पारिस्थितिकी तंत्र और रोगों की स्थिति का समग्र अध्ययन भी जरूरी है। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन्यजीवों तथा मनुष्यों के बीच बढ़ते संपर्क से पैदा होने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र आधारित अनुसंधान और व्यावहारिक समाधान विकसित करने की आवश्यकता बताई।

भारतीय पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश जाधव ने आयोजन समिति को सफल सम्मेलन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सम्मेलन ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान सहयोग और युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के महत्वपूर्ण मंच हैं। वैज्ञानिक नेटवर्किंग को मजबूत बनाने के साथ विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाना समय की आवश्यकता है। संघ के संयुक्त सचिव डॉ. जी. चिगुरे ने भी आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

आठ वैज्ञानिक सत्रों में नवीन अनुसंधान पर चर्चा

तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान कुल आठ वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। इनमें विशेषज्ञों के व्याख्यान और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान के क्षेत्र में हुए नवीनतम अनुसंधान और तकनीकी विकास पर चर्चा हुई। आधुनिक रोग निदान तकनीक, टीका विकास, परजीवी रोगों की निगरानी, जैव प्रौद्योगिकी और एकीकृत परजीवी प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिकों ने अपने विचार और शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को भी अपने अनुसंधान कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उत्कृष्ट वैज्ञानिक शोध और पोस्टर प्रस्तुतियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

आयोजन सचिव एवं आईवीआरआई के परजीवी विज्ञान प्रभाग के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. हीरा राम ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संस्थान के निदेशक एवं उपमहानिदेशक (पशु विज्ञान) डॉ. राघवेंद्र भट्टा, संयुक्त निदेशक शोध डॉ. संजय कुमार सिंह, संस्थान के संयुक्त निदेशकों, भारतीय पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान संघ के पदाधिकारियों, आमंत्रित वक्ताओं, वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इससे पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं सह आयोजन सचिव डॉ. एम. शंकर ने तीन दिवसीय कार्यक्रम की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन परजीवी विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक डॉ. मृणालिनी ने किया।

डॉ. हीरा राम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संस्थान के विभिन्न विभागों, प्रशासनिक, वित्त, इंजीनियरिंग, सुरक्षा, परिवहन और सभागार से जुड़े कर्मचारियों के साथ ही अन्य सहयोगी कर्मियों तथा प्रायोजक संस्थाओं का भी आभार जताया। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन के दौरान सामने आए वैज्ञानिक विचार, अनुसंधान निष्कर्ष और नए सहयोग भविष्य में पशुधन स्वास्थ्य, पशु उत्पादकता, जनस्वास्थ्य, वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यावरणीय स्थिरता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor