ब्रज स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण का आगाज, सफाई का जिम्मा सिर्फ सरकार पर नहीं छोड़ें, शिक्षक और चिकित्सक बदल सकते हैं समाज की सोच- शैलजाकांत मिश्र

मथुरा। ब्रज को स्वच्छ बनाने की मुहिम अब केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शिक्षकों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और समाज के दूसरे वर्गों की भागीदारी से इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। गुरुवार को ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ के संकल्प के साथ ब्रज स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शिक्षक एवं चिकित्सक वर्ग के साथ संवाद कर अभियान की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सरकार की मान लेना समाज की सबसे बड़ी भूल है। शिक्षक और चिकित्सक अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा तथा प्रभाव के माध्यम से लोगों की सोच बदल सकते हैं और ब्रज की स्वच्छता की तस्वीर बदलने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

Nov 19, 2026 - 22:44
 0
ब्रज स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण का आगाज, सफाई का जिम्मा सिर्फ सरकार पर नहीं छोड़ें, शिक्षक और चिकित्सक बदल सकते हैं समाज की सोच- शैलजाकांत मिश्र
ब्रज स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोलते मुख्य अतिथि शैलजाकांत मिश्र। दूसरे चित्र में प्राधिकरण उपाध्यक्ष का स्वागत किया जा रहा है।

डैम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि राष्ट्र निर्माण हो या स्वच्छता जैसे सामाजिक कार्य, इन्हें किसी पर जबरदस्ती थोपकर पूरा नहीं कराया जा सकता। इसके लिए समाज की सोच और मानसिकता में बदलाव लाना होगा। शिक्षक समाज में संस्कारों का निर्माण करता है, जबकि चिकित्सक रोगों का निराकरण कर लोगों को स्वस्थ जीवन प्रदान करता है। ऐसे में इन दोनों वर्गों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता का संदेश व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि अब इस अभियान से समाज के दूसरे वर्ग भी जुड़ रहे हैं।

शैलजाकांत मिश्र ने बताया कि ब्रज स्वच्छता अभियान की शुरुआत 22 जून 2026 को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और हार्टफुलनेस के संयुक्त प्रयास से की गई थी, लेकिन इसकी वास्तविक शुरुआत अब होगी। अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराना नहीं, बल्कि लोगों की सोच बदलकर स्वच्छता के अनुकूल सामाजिक वातावरण तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि हमने अपनी मानसिकता बना ली है कि सफाई करना सरकार का दायित्व है। जब तक समाज इस सोच से बाहर निकलकर अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक स्वच्छता का स्थायी वातावरण तैयार नहीं हो सकता। यह बड़ा काम है और आसान नहीं है, लेकिन कठिनाई के कारण प्रयास छोड़ना समाधान नहीं है।

चिकित्सकों से स्वच्छ ब्रज अभियान को अपना अभियान बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जब कोई काम कठिन हो और आसानी से पूरा न हो सके तो क्या उसे छोड़ देना चाहिए? कमजोर लोग काम छोड़ देते हैं, लेकिन पुरुषार्थ करने वाले कभी पीछे नहीं हटते। उन्होंने सभी से ब्रज की पवित्र भूमि को स्वच्छ बनाने के इस यज्ञ में अपनी आहुति देने का आह्वान किया।

स्कूली बच्चों के जरिए घर-घर पहुंचेगा संदेश

संवाद कार्यक्रम में अभियान को विद्यालयों से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने और बच्चों को इस मुहिम का सक्रिय भागीदार बनाने की कार्ययोजना पर विचार किया गया। शिक्षकों ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। उद्देश्य है कि बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, जिससे यह अभियान केवल आयोजनों तक सीमित न रहकर लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने।

नगर निगम के उप नेता मुकेश सारस्वत ने अभियान के तहत नगर निगम की ओर से किए जा रहे स्वच्छता संबंधी प्रयासों की जानकारी दी। व्यापारी विपिन सिंघल और अंकित बंसल के साथ शिक्षक देव प्रकाश शर्मा, निरंजन सिंह और अखिलेश कुमार ने भी अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए मोबाइल नंबर 9520994252 जारी करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी ईको रेस्टोरेशन यूनिट मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, अपर नगर आयुक्त प्रियंका, डिप्टी सीएमओ डॉ. भूदेव कुमार, आईएमए अध्यक्ष डॉ. बीएस गोयल, डॉ. जीतेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, हार्टफुलनेस की सुधा किरण बांदा, डॉ. रामकृष्ण मल्लेला (निदेशक, हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट), स्क्वाड्रन लीडर निष्ठा पाठक, डॉ. आभा डेव, यतींद्र वशिष्ठ, ऋषि तोमर, डॉ. राजेंद्र कुमार वार्ष्णेय और संजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं चिकित्सक मौजूद रहे। इस दौरान हार्टफुलनेस की ओर से स्वच्छता और जनजागरूकता पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor