लखनऊ के इको गार्डन में शिक्षकों की हुंकार, 30 सूत्रीय मांगों पर सरकार को घेरा; आंदोलन जारी रखने का ऐलान, फुपुक्टा के तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन का समापन, प्रदेशभर के शिक्षकों ने दिखाई एकजुटता

लखनऊ/आगरा। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर लखनऊ में तीन दिन तक जोरदार आवाज बुलंद की। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर 17 से 19 नवंबर तक लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित धरना-प्रदर्शन के अंतिम दिन 19 नवंबर को प्रदेशभर के शिक्षकों का व्यापक जमावड़ा हुआ। शिक्षकों ने 30 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की और स्पष्ट किया कि अधिकारों, सम्मान, सेवा संबंधी सुविधाओं तथा शैक्षणिक हितों के लिए उनका लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

Nov 19, 2026 - 23:05
 0
लखनऊ के इको गार्डन में शिक्षकों की हुंकार, 30 सूत्रीय मांगों पर सरकार को घेरा; आंदोलन जारी रखने का ऐलान, फुपुक्टा के तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन का समापन, प्रदेशभर के शिक्षकों ने दिखाई एकजुटता
फुपुक्टा के आह्वान पर लखनऊ के ईको गार्डन में धरना देते महाविद्यालयों के शिक्षक।

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (औटा), आगरा के आह्वान पर आगरा कॉलेज, आगरा, सेंट जॉन्स कॉलेज सहित विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की। अंतिम दिन धरना सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चला। इसकी अध्यक्षता फुपुक्टा के अध्यक्ष प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन प्रोफेसर प्रदीप कुमार सिंह ने किया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने महासंघ की 30 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार से लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित मांगपत्र अपर पुलिस आयुक्त, लखनऊ को सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई गई।

फुपुक्टा के अध्यक्ष प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन में शिक्षकों की व्यापक भागीदारी उनके अधिकारों, सम्मान और हितों के प्रति जागरूकता के साथ संगठन की एकजुटता का प्रमाण है। शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए सभी को संगठित होकर निरंतर प्रयास करना होगा।

फुपुक्टा के जोनल सचिव प्रोफेसर शिव कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। प्रदेश सरकार को इन पर बिना विलंब सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान केवल उनके व्यक्तिगत हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और पूरी शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए भी जरूरी है।

आगरा जनपद से धरना-प्रदर्शन में फुपुक्टा के जोनल सचिव प्रोफेसर शिव कुमार सिंह, प्रोफेसर गौरव कौशिक, प्रोफेसर विक्रम सिंह, प्रोफेसर अनुराग पालीवाल, डॉ. दिग्विजय पाल सिंह, डॉ. दिग्विजय नाथ राय, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. रविशंकर सिंह, प्रोफेसर पी.के. दीक्षित और डॉ. अरविंद गुप्ता ने सहभागिता की।

इसके अतिरिक्त एन.डी. कॉलेज से डॉ. दिग्प्रताप सिंह और डॉ. कुलदीप यादव तथा बी.वी.एम. कॉलेज, बाह से प्रोफेसर शम्स आलम, डॉ. मुलायम सिंह यादव, डॉ. संगीता, डॉ. समरवीर सिंह राठौड़, डॉ. राम कुमार सारस्वत और प्रोफेसर विद्युत्तमा सहित अनेक शिक्षक आंदोलन में शामिल हुए।

तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन में प्रदेशभर के शिक्षकों की भागीदारी ने संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया। शिक्षकों ने संकल्प व्यक्त किया कि सेवा संबंधी सुविधाओं, अधिकारों, सम्मान और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सकारात्मक निर्णय होने तक उनका शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor