पीएम मोदी की तारीफ पर घिरे सैम पित्रोदा,  कांग्रेस में बगावत,  उठने लगी है पद से हटाने की मांग  

पीएम मोदी की तारीफ के बाद सैम पित्रोदा अपनी ही पार्टी की विदेशी इकाई में घिर गए हैं। आईओसी उपाध्यक्ष देवांश नारंग ने उन्हें पद से हटाने की मांग की है, जबकि जॉर्ज अब्राहम ने भी उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

Nov 19, 2026 - 20:37
 0
पीएम मोदी की तारीफ पर घिरे सैम पित्रोदा,  कांग्रेस में बगावत,  उठने लगी है पद से हटाने की मांग  

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के चेयरमैन सैम पित्रोदा को भारी पड़ता दिख रहा है। उनके बयान के बाद कांग्रेस की विदेशी इकाई में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। आईओसी के उपाध्यक्ष देवांश नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर पित्रोदा को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। वहीं संगठन के एक अन्य उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने भी पित्रोदा को ईमेल भेजकर उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है।  

कनाडा में रहने वाले आईओसी उपाध्यक्ष देवांश नारंग ने खरगे को लिखे पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत तारीफ करने वाले पित्रोदा के बयान से कांग्रेस के कई सदस्य हैरान हैं। उन्होंने इन टिप्पणियों को शर्मनाक बताते हुए पार्टी नेतृत्व से मांग की कि पित्रोदा को विदेशी इकाई के प्रमुख पद से हटाया जाए।

आईओसी उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने पित्रोदा को भेजे ईमेल में कहा कि प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से गर्मजोशी भरा, दयालु और परवाह करने वाला इंसान बताने से पार्टी का राजनीतिक संदेश कमजोर पड़ सकता है। उनके मुताबिक, विदेशों में कांग्रेस पहले ही धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के मुद्दे पर अपनी बात रखने के लिए संघर्ष कर रही है।

अब्राहम ने लिखा कि व्यक्तिगत दोस्ती और राजनीतिक समर्थन के बीच अंतर हो सकता है, लेकिन किसी नेता की निजी अच्छाई को उसके राजनीतिक फैसलों और सत्ता के इस्तेमाल से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने गुजरात में हुई हिंसा और मणिपुर संघर्ष का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि संकट के समय प्रभावित लोगों के प्रति सरकार का रवैया कैसा रहा।

अब्राहम ने धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती शत्रुता, प्रार्थना सभाओं में बाधा और एफसीआरए नियमों को सख्त किए जाने पर भी चिंता जताई। उन्होंने ईसाई शैक्षणिक, स्वास्थ्य और सामाजिक संस्थानों से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों का जिक्र करते हुए कहा कि इनका असर लंबे समय से सेवा कर रहे संगठनों पर पड़ सकता है।

दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब पित्रोदा ने मोदी को अपना पुराना दोस्त और अच्छा गुजराती मित्र बताया। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री से उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं और राजनीतिक विचारधारा को लेकर मतभेद अपनी जगह हैं। इसके बाद दोनों के बीच दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी हुआ। प्रधानमंत्री ने उन्हें 'सैम भाई' कहकर संबोधित किया था।

पित्रोदा ने कहा था कि किसी का व्यक्तिगत सम्मान करने और उसकी राजनीति का विरोध करने में विरोधाभास नहीं है। गौरतलब है कि मई 2024 में भारतीयों की शक्ल-सूरत को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद पित्रोदा ने आईओसी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, करीब एक महीने बाद उन्हें फिर इस जिम्मेदारी पर नियुक्त कर दिया गया।