सिद्धचक्र महामंडल विधान में सांसद नवीन जैन ने चढ़ाए 24 अर्घ्य, विश्व शांति की कामना के साथ हुआ विशेष शांतिधारा अनुष्ठान

आगरा। कमला नगर के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन गुरुवार को राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विधान में सहभागिता की। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों और इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर श्रीजी के समक्ष 24 अर्घ्य समर्पित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें शक्ति एवं सामर्थ्य प्रदान करने की मंगलकामना की गई। साथ ही देश और विश्व में शांति, सुख-समृद्धि तथा सद्भावना स्थापित होने की प्रार्थना की गई। दिनभर विशेष शांतिधारा, अभिषेक, पूजन-अर्चना, मंगल प्रवचन और भक्ति-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन स्थल को भक्तिमय बनाए रखा।

Nov 20, 2026 - 00:33
Nov 20, 2026 - 00:40
 0
सिद्धचक्र महामंडल विधान में सांसद नवीन जैन ने चढ़ाए 24 अर्घ्य, विश्व शांति की कामना के साथ हुआ विशेष शांतिधारा अनुष्ठान
डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में पीएनसी परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन पूजन एवं विधान की मांगलिक धार्मिक क्रियाएं करते पीएनसी परिवार के सदस्य और अन्य श्रद्धालु।

अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा के तत्वावधान में डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर के सामने बने विशाल आयोजन स्थल पर यह धार्मिक आयोजन चल रहा है। मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ सान्निध्य तथा युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में तीसरे दिन के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने आदिनाथ भगवान की प्रतिमाओं का अभिषेक किया और विशेष शांतिधारा के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना की।

जैन सिद्धांत मानवता के कल्याण का मार्ग

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि भगवान महावीर के संदेशों को अपनाकर ही समाज और विश्व में शांति, प्रेम एवं सद्भावना को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. डीवी शर्मा एवं डॉ. पार्थ सारथी शर्मा भी पहुंचे।

श्रद्धा और संतोष से मिलता है धर्म का वास्तविक लाभ

मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन में धर्म की वास्तविक भावना और धार्मिक क्रियाओं के पीछे निहित आध्यात्मिक सिद्धांतों को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक क्रियाएं करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके उद्देश्य और सिद्धांतों को समझना भी जरूरी है। धर्म का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब मनुष्य की श्रद्धा जागृत हो और उसके व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आए।

भजनों पर झूमे श्रद्धालु, मैना सुंदरी नाटक ने मोहा मन

सायंकाल सात बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती हुई। दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण में पीएनसी परिवार तथा श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर प्रभु के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत की मनमोहक धुनों पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु झूम उठे। उत्साहपूर्वक नृत्य और भजनों ने पूरे आयोजन स्थल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। दिल्ली से आए मयूर जैन ने मैना सुंदरी नाटक का प्रभावशाली मंचन किया।

नौ दिवसीय आयोजन का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, भाजपा नेता अनिल सारस्वत एवं हिमांशु मिश्रा भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन, नेहा जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor