अखिलेश यादव को चुनाव में जनता के सामने देना होगा दस साल का हिसाब, भाजपा योगी के विकास मॉडल पर मांगेगी जनादेश : भूपेंद्र चौधरी

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मी के बीच भाजपा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उनके दस साल के राजनीतिक कार्यकाल और विपक्ष के नेता के रूप में भूमिका पर घेरना शुरू कर दिया है। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बरेली में कहा कि लंबे समय बाद अखिलेश यादव घर से निकलकर गोरखपुर के कार्यक्रम में पहुंचे हैं। चुनाव नजदीक आते ही उन्हें जनता के बीच जाने की याद आ रही है, लेकिन प्रदेश की जनता उनसे उनके दस साल के कार्यकाल का हिसाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी, जबकि समाजवादी पार्टी की राजनीति नकारात्मक एजेंडे पर आधारित है।

Nov 20, 2026 - 00:39
 0
अखिलेश यादव को चुनाव में जनता के सामने देना होगा दस साल का हिसाब, भाजपा योगी के विकास मॉडल पर मांगेगी जनादेश : भूपेंद्र चौधरी

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सभी राजनीतिक दलों को अपनी विचारधारा के साथ जनता के बीच जाने का अधिकार है, लेकिन विपक्ष को भी अपने शासनकाल और विपक्ष के रूप में निभाई गई भूमिका का जवाब देना होगा।

आजम खां के मामलों में न्यायालय के फैसले का पालन होगा

सपा नेता आजम खां से जुड़े सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं और उनमें न्यायालय के फैसले का पालन किया जाएगा। आजम खां के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने मुसलमान होने और विश्वविद्यालय बनाने के कारण सजा मिलने की बात कही थी।

भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के लिए गरीब लोगों को धमकाकर और अपमानित करके जमीनों की रजिस्ट्री कराई गई तथा जमीनों पर कब्जे किए गए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी मामलों में न्यायालय के निर्णय का पालन किया जाएगा।

राम मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि आस्था के प्रतीक

भगवान श्रीराम जन्मभूमि और श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ये भाजपा के लिए आस्था और विरासत के प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण का जीवन एवं चरित्र सदैव लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। ऐसे विषयों को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि पार्टी मुस्लिम समाज के तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। जाति और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशों में देश के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

एक देश-एक चुनाव से बचेगा समय और धन

एक देश-एक चुनाव के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत, नगर पालिका, जिला पंचायत और विधानसभा सहित अलग-अलग स्तरों पर लगातार चुनाव होते रहते हैं। बार-बार चुनाव होने से आचार संहिता लागू होती है, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। चुनावों में समय और धन भी खर्च होता है। इसी कारण भाजपा एक देश-एक चुनाव की व्यवस्था पर काम कर रही है।

एसआईआर में पात्रों के नाम जुड़ें, अपात्रों को रोका जाए

एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने चाहिए, जबकि अपात्र लोगों को सूची में शामिल होने से रोका जाना चाहिए। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने तथा भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे, महानगर मीडिया प्रभारी प्रीत पाल सिंह और बंटी ठाकुर मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor