भारत आए पाक मंत्री मुसादिक मलिक ने तोड़ी चुप्पी, सीमा पार आतंकवाद के सवाल पर कर गए चालाकी

भारत पहुंचे पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने चुप्पी तोड़ते हुए भारत-पाकिस्तान के रिश्ते पर तो जवाब दे दिया लेकिन आतंकवाद के मुद्दे पर चालाकी कर गए। उन्होंने आगे कई तरह के बदलाव होने की बात कही। उन्होंने इस दौरान रूस और चीन से रिश्ते को लेकर भी जवाब दिया।

Nov 20, 2026 - 19:13
 0
भारत आए पाक मंत्री मुसादिक मलिक ने तोड़ी चुप्पी, सीमा पार आतंकवाद के सवाल पर कर गए चालाकी

नई दिल्ली। भारत में एससीओ बैठक में भाग लेने आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर चुप्पी तोड़ी है। उनसे जब एक सवाल किया गया कि क्या शंघाई सहयोग संगठन  के पहले 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्ते बेहतर होंगे ? तब उन्होंने इसपर पर त्वरित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे सभी रिश्ते बेहतर होंगे।

जैसा कि आप जानते हैं, यह क्षेत्र बदलाव के दौर से गुजर रहा है। भू-राजनीति की नींव बहुत तेजी से बदल रही है। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम एक व्यापक दृष्टिकोण अपनाएंगे, जिसमें हम सभी राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों और बातचीत के तमाम विषयों पर गौर करेंगे, और इस क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे।

मुसादिक मसूद मलिक ने आगे कहा कि सभ्यताओं पर बहुपक्षीय संवाद करने का यह हमारे लिए एक बेहतरीन मौका है। मुझे लगता है कि संस्कृतियां और सभ्यताएं सीमाओं से परे होती हैं। यह बहुत अच्छी बात है कि हम यहां मौजूद हैं और अपने इतिहास, भूगोल, संस्कृतियों और सभ्यताओं के बारे में चर्चा कर रहे हैं।

सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंता के बारे में पूछे जाने पर, पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि मुझे लगता है कि कल, जब मैं अपना बयान दे दूंगा, तो हमारी काफी बातचीत होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच सभ्यतागत संबंधों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि बातचीत अलग-अलग इकाइयों के बीच होती है।

एकरूपता में बातचीत की जरूरत नहीं होती, वहां तो बस एकतरफा बात होती है। बातचीत विविधता के बारे में है। मुझे लगता है कि अगर आप भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच पुरातात्विक साक्ष्यों को देखें, तो पाएंगे कि वहां पहले से ही संवाद होता रहा है। मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही स्वागत योग्य संवाद है।

एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा और सिंधु जल संधि पर उनके पहले के बयानों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जहां तक ​​सिंधु जल संधि का सवाल है, हमने अपना रुख बहुत स्पष्ट कर दिया है और वह अभी भी वही है। इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।