शौच के बाद खून दिखे तो न करें नजरअंदाज, बवासीर का हो सकता है शुरुआती संकेत
बवासीर की समस्या में हर मरीज को दर्द नहीं होता। अंदरूनी बवासीर का शुरुआती लक्षण शौच के बाद ताजा लाल खून आना या मस्से का बाहर निकलकर अपने आप अंदर जाना हो सकता है। शुरुआती अवस्था में फाइबरयुक्त भोजन, पर्याप्त पानी, कब्ज से बचाव और शौच के दौरान अनावश्यक जोर न लगाने से राहत मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर रबर बैंड लिगेशन, लेजर या सर्जरी जैसे विकल्प अपनाए जाते हैं। खून आने पर जांच कराना जरूरी है, जबकि अधिक या लगातार रक्तस्राव होने पर तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।
विश्व पाइल्स दिवस विशेष
डॉ. करन आर. रावत
एडवांस्ड लेप्रोस्कोपिक, लेज़र एवं गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जन व प्रोक्टोलॉजी विशेषज्ञ
बवासीर का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में दर्द, बैठने में परेशानी और ऑपरेशन का डर पैदा हो जाता है। लेकिन जरूरी नहीं कि बवासीर होने पर हर मरीज को दर्द हो या सर्जरी करानी पड़े। अंदरूनी बवासीर का शुरुआती संकेत शौच के बाद ताजा लाल खून की कुछ बूंदें आना भी हो सकता है। कई बार यह रक्तस्राव बिना दर्द के होता है। कुछ मरीजों को शौच के दौरान मस्सा बाहर निकलने और फिर अपने आप अंदर चले जाने की शिकायत भी होती है। ऐसे मामलों में शुरुआती उपचार खानपान और शौच की आदतों में सुधार से संभव हो सकता है।
गुदा में महसूस होने वाला मस्सा आखिर क्या है
गुदा के भीतर रक्त वाहिकाओं से युक्त मुलायम ऊतक स्वाभाविक रूप से मौजूद होते हैं। जब ये ऊतक बढ़कर रक्तस्राव करने लगते हैं या नीचे खिसककर बाहर आने लगते हैं, तो इस स्थिति को अंदरूनी बवासीर कहा जाता है। वहीं बाहरी बवासीर गुदा के मुहाने पर त्वचा के नीचे विकसित होती है। इसमें खून का थक्का जमने पर अचानक दर्दनाक गांठ बन सकती है। इसी कारण बवासीर के कुछ मरीजों को बिल्कुल दर्द नहीं होता, जबकि कुछ को तेज दर्द के कारण बैठना तक मुश्किल हो जाता है। बवासीर के लक्षण उसकी स्थिति और प्रकार पर निर्भर करते हैं।
भारत में कितने लोग बवासीर से पीड़ित हैं
बवासीर की समस्या काफी आम है। 45 देशों में किए गए 150 अध्ययनों की एक समीक्षा में भारत के 19 अध्ययन समूह भी शामिल थे। इन समूहों के आंकड़ों के आधार पर बवासीर की संयुक्त व्यापकता करीब 25 प्रतिशत आंकी गई। हालांकि, विभिन्न अध्ययन समूहों के परिणामों में काफी अंतर पाया गया। इसलिए देशभर में बवासीर से पीड़ित लोगों की वास्तविक संख्या और व्यापकता का सटीक अनुमान लगाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण की आवश्यकता है।
मस्सा अपने आप अंदर जाता है या हाथ से करना पड़ता है? डॉक्टर के लिए अहम है यह सवाल
बवासीर की जांच के दौरान डॉक्टर मरीज से यह जानने का प्रयास करते हैं कि शौच के समय बाहर आने वाला मस्सा अपने आप अंदर चला जाता है, उसे हाथ से अंदर करना पड़ता है या वह लगातार बाहर ही रहता है। यह सवाल भले ही मरीज को संकोच में डाल सकता है, लेकिन इसका जवाब बवासीर की अवस्था समझने और उपचार तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा डॉक्टर यह भी देखते हैं कि रक्तस्राव कितनी बार होता है, दर्द या अन्य परेशानी कितनी है, दैनिक गतिविधियों पर कितना असर पड़ रहा है और पहले किए गए उपचार से कितना फायदा मिला है।
खानपान में रेशा बढ़ाएं, शौचालय में ज्यादा देर न बैठें
बवासीर के शुरुआती उपचार में खानपान और दिनचर्या सुधारना अहम है। भोजन में फाइबर यानी रेशे की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाएं। दाल, चना, हरी सब्जियां, साबुत फल और साबुत अनाज को रोजाना के भोजन का हिस्सा बनाएं। पर्याप्त पानी पीने से मल नरम रखने में मदद मिलती है, जिससे शौच के दौरान जोर लगाने की जरूरत कम पड़ती है। सात नियंत्रित अध्ययनों की समीक्षा में फाइबर सेवन करने वाले मरीजों में बवासीर के लक्षण बने रहने का सापेक्ष जोखिम करीब आधा पाया गया।
दूसरी महत्वपूर्ण आदत है शौच के बाद तुरंत उठ जाना। टॉयलेट में मोबाइल चलाते हुए लंबे समय तक बैठे रहना बवासीर की परेशानी बढ़ा सकता है। शौच की इच्छा को बार-बार टालना और पेट पूरी तरह साफ करने के लिए देर तक जोर लगाना भी नुकसानदायक हो सकता है। इन आदतों में सुधार उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
लेजर, रबर बैंड या ऑपरेशन, किस मरीज के लिए कौन सा उपचार?
शुरुआती बवासीर में कब्ज का उपचार, फाइबरयुक्त भोजन और शौच की आदतों में बदलाव प्राथमिक उपाय होते हैं। यदि इसके बावजूद अंदरूनी बवासीर से खून आता रहे या मस्सा बार-बार बाहर निकलने लगे, तो कुछ मरीजों में रबर बैंड लिगेशन प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इसमें मस्से के आधार पर छोटा रबर बैंड लगाया जाता है, जिससे उसकी रक्त आपूर्ति बंद हो जाती है। धीरे-धीरे मस्सा सिकुड़कर गिर जाता है।
बड़े बाहरी मस्सों या अंदरूनी और बाहरी दोनों प्रकार की गंभीर बवासीर में सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। लेजर उपचार भी उपलब्ध विकल्पों में शामिल है। हालांकि, किस मरीज के लिए कौन सी प्रक्रिया बेहतर होगी, यह बवासीर के प्रकार, उसकी अवस्था, लक्षणों और मरीज की परेशानी के आधार पर तय किया जाता है।
जांच से न डरें, खून आने की वजह जानना जरूरी
डॉ. करन आर रावत ने मरीजों से अपील की है कि बवासीर के डर या संकोच के कारण जांच न टालें और ऑपरेशन की आशंका में दर्द अथवा परेशानी सहते न रहें। शौच के दौरान मस्सा बाहर आने या खून दिखाई देने पर डॉक्टर को खुलकर बताएं। मलद्वार से रक्तस्राव होने का कारण केवल बवासीर ही नहीं हो सकता, इसलिए जांच के जरिए इसकी वास्तविक वजह पता लगाना जरूरी है। यदि रक्तस्राव अधिक हो या लगातार हो रहा हो, तो बिना देरी किए अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचें। समय पर जांच और सही उपचार से समस्या को गंभीर होने से रोका जा सकता है।