आजम खान के ‘इंकलाब’ पर संजीव अग्रवाल का तीखा हमला, बोले- आतंकवादियों के साथ है उनका इंकलाब; 2027 में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी

बरेली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से रिहा होने के बाद रामपुर में दिए गए ‘इंकलाब’ और ‘सैलाब’ वाले बयान पर भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान रामपुर में फिर से आतंक और भय का माहौल कायम करना चाहते हैं। उनका इंकलाब आतंकवादियों के साथ है। भाजपा के प्रदेश सहायक कोषाध्यक्ष एवं बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएगी।

Nov 20, 2026 - 21:49
Nov 20, 2026 - 22:07
 0
आजम खान के ‘इंकलाब’ पर संजीव अग्रवाल का तीखा हमला, बोले- आतंकवादियों के साथ है उनका इंकलाब; 2027 में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी

शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में संजीव अग्रवाल ने कहा कि आजम खान रामपुर में वैसा ही माहौल बनाना चाहते हैं, जैसा समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हुआ करता था। उन्होंने कहा कि आज रामपुर की जनता सुख-चैन से रह रही है, जबकि आजम खान अपनी मौजूदा स्थिति से बौखलाए हुए हैं।

आजम खान के बयान, ‘चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा; बदलाव नहीं, सैलाब होगा’ पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने कहा कि आजम खान ने अपनी बात कही है, लेकिन जनता उनकी राजनीति और उनके कार्यकाल को अच्छी तरह जानती है। जनता अब भय और आतंक की राजनीति स्वीकार करने वाली नहीं है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकारी स्कूल बंद किए जाने को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी संजीव अग्रवाल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। माफिया, गुंडागर्दी, अपहरण, डकैती और लूट के दम पर सत्ता चलाने वाले लोगों को वर्तमान व्यवस्था की वास्तविकता समझ नहीं आएगी।

संजीव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और विकास कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में फिर जीत हासिल करेगी। उन्होंने बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी 325 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की संभावित जीत को लेकर 350 सीटों का आंकड़ा भी पेश किया।

युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर जोर

विधायक ने योगी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का सदुपयोग कर शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

खादी और ग्रामोद्योग के उत्पाद अपनाने की अपील

संजीव अग्रवाल ने खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को अपनाने से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों और पारंपरिक उद्योगों को आर्थिक संबल मिलेगा। इससे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने लोगों से ‘स्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भर भारत बनाओ’ के संकल्प को साकार करने की अपील की।

SP_Singh AURGURU Editor